अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर अभिलाषा ज्योति फ़ाउंडेशन ने आयोजित किया ‘वृद्ध-विमर्श और सम्मान-समारोह
RKTV NEWS/पटना(बिहार)01 अक्टूबर । आर्थिक रूप से आत्म-निर्भर वरिष्ठजन के लिए अवकाश के बाद का समय सर्वाधिक गुणवत्तापूर्ण और आनन्द-प्रद हो सकता है। यदि वे अपेक्षाओं का त्याग कर, अपने शेष जीवन को समाज के कल्याण में लगाएँ तो जीवन गुणवत्तापूर्ण और सार्थक हो सकता है।
यह बातें गुरुवार को ‘अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस’ के अवसर पर, लोक-कल्याणकारी संस्था ‘अभिलाषा ज्योति फ़ाउंडेशन’ के तत्त्वावधान में, आर एस दरबार हॉल, आशियाना नगर में, आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष और भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी विजय प्रकाश ने कही।
समारोह के विशिष्ट अतिथि और बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कहा कि वृद्धजन चलते-फिरते ‘ज्ञान-कोश’ और महाविद्यालय होते हैं। इनका सम्मान और इनके पास कुछ समय व्यतीत करना हमारे जीवन को मूल्यवान, सफल और सार्थक बनाने में लाभकारी हो सकता है।
संस्था के सचिव, सेवा निवृत्त अपर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग श्री आनन्द बिहारी प्रसाद ने विषय प्रवर्तन करते हुए कहा कि ब ढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों के जीवन में कई समस्याएं उत्पन्न होने लगती है – शारीरिक समस्याएं मानसिक एवं भावनात्मक समस्याएं,आर्थिक समस्याएं, एकाकीपन एवं खालीपन की समस्या और परिवार, समाज की उपेक्षा ।
उद्घाटन-सत्र को बिहार इन्डस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अरुण अग्रवाल तथा अभिलाषा ज्योति फाउंडेशन की अध्यक्ष ज्योति श्रीवास्तव,आशा अग्रवाल, डा• के•के ठाकुर, सतीश मलिक तथा मीरा श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन सुश्री फ़िज़ा ने किया। कवयित्री डा पूनम आनन्द ओम् प्रकाश पाण्डेय, राश दादा राश आदि की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर, तीन वरिष्ठ नागरिकों योगाचार्य शशिभूषण वर्मा ,डा•दामोदर प्रसाद सिंह एवं मृदुला प्रकाश को उनके विशिष्ट योगदान एवं सार्थक सक्रियता के लिए सम्मानित किया गया ।
चार सत्रों में आयोजित इस समारोह के दूसरे सत्र में वृद्धजन के लम्बे और गुणवत्ता पूर्ण जीवन पर चारचा, तीसरे सत्र में नई पीढ़ी और पुरानी पीढ़ी के बीच में संवाद तथा चौथे और अंतिम सत्र में उपस्थित बुजुर्गों के द्वारा कविता, गीत , गजल , नृत्य इत्यादि की उत्कृष्ट प्रस्तुति हुई । सभी प्रतिभागी वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को भी सम्मानित किया गया।

