
RKTV NEWS/ब्रह्मपुर (बक्सर)15 सितंबर।राजकीय डिग्री महाविद्यालय, ब्रह्मपुर में हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वीणा अमृत ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रोफेसर वीणा अमृत ने हिन्दी भाषा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दी हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना की संवाहक है। आज के वैश्विक परिदृश्य में हिन्दी के बढ़ते प्रसार पर बल देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को मातृभाषा के प्रयोग के प्रति गौरव की भावना रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अगली कड़ी में मुख्य वक्ता वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह और राजनीति विज्ञान विभाग के डॉ. अब्दुल कैश (वर्शर) ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया और शिक्षा, तकनीकी व रोजगार के क्षेत्र में हिन्दी की बढ़ती प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिन्दी दिवस को समर्पित विभिन्न रचनात्मक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से हिन्दी भाषा और संस्कृति के विविध रंगों को उकेरा, वहीं भाषण प्रतियोगिता में ‘हिन्दी का वैश्विक स्वरूप’ जैसे विषयों पर अपने ओजस्वी विचार रखे। इसके साथ ही छात्रों ने पोस्टर प्रस्तुतिकरण के जरिए हिन्दी के विकास और उसकी वैज्ञानिकता को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन हिन्दी विभाग के डॉ. जितेंद्र कुमार एवं डॉ. मोतीचंद द्वारा किया गया, जबकि मंच का कुशल संचालन डॉ. आकांक्षा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
