
बाँकुड़ा/पश्चिम बंगाल (मनोज कुमार प्रसाद)27 अगस्त। बाँकुड़ा विश्वविद्यालय में “एसटीबीटी : समकालीन शिक्षा के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा का संदर्भीकरण” विषय पर एक दिवसीय विचारोत्तेजक कॉन्क्लेव का कल आयोजन किया गया। सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों और अकादमिक समुदाय के सदस्यों ने भारतीय ज्ञान परंपरा की प्रासंगिकता, संरक्षण तथा समकालीन शिक्षा में उसके प्रभावी अनुप्रयोग पर सार्थक विचार-विमर्श किया।
हिंदी विश्वविद्यालय, पश्चिम बंगाल की कुलपति प्रो. नंदिनी साहू ने भारतीय विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा को लागू करने की शिक्षाशास्त्रीय दृष्टि पर विशेष व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव-प्रौद्योगिकी; खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं बागवानी तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रभारी मंत्री डॉ. कल्याण चक्रवर्ती उद्घाटक एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पश्चिम बंगाल सरकार के जनजातीय विकास तथा अल्पसंख्यक कार्य एवं मदरसा शिक्षा विभाग के प्रभारी मंत्री क्षुदिराम टुडू और सहकारिता, पर्यावरण एवं वन विभाग के प्रभारी राज्यमंत्री दिबाकर घरामी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने भी सम्मेलन की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर बाँकुड़ा जिले के विधायक चंदना बाउरी, सत्यनारायण मुखोपाध्याय, क्षेत्रमोहन हांसदा, सौविक पात्र, बिल्लेश्वर सिन्हा और अमरनाथ शाखा भी उपस्थित रहे।
कॉन्क्लेव में विशिष्ट संसाधन व्यक्तियों के रूप में कलकत्ता विश्वविद्यालय के गणित विभाग की सेवानिवृत्त प्रोफेसर प्रो. (डॉ.) मंजूषा मजुमदार, हिंदी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) नंदिनी साहू तथा बंगबासी मॉर्निंग कॉलेज के इतिहास विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. देबाशीष चौधरी ने अपने विद्वत्तापूर्ण विचार साझा किए।
कार्यक्रम बाँकुड़ा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रूप कुमार बर्मन के मुख्य संरक्षकत्व में आयोजित हुआ। उनके नेतृत्व और दूरदर्शिता से विश्वविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा सहित समकालीन विषयों पर सार्थक अकादमिक संवाद और शोधपरक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहन मिल रहा है।



