
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)23 अगस्त। भोजपुर के जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने शनिवार को बड़हरा प्रखंड के केशोपुर में गंगा नदी के तटबंध में बने गैप का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने तटबंध की स्थिति, गंगा के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। डीएम ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ प्रमंडल को वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए सैंडबैग सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव कार्य शुरू किया जा सके।डीएम ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन कैम्प मोड में काम करेगा। सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सक्रिय रहने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया।उन्होंने तटबंध के गैप की समस्या के तत्काल समाधान के साथ-साथ इसके दीर्घकालिक एवं स्थायी समाधान की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


