
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)23 अगस्त। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में बड़हरा प्रखंड में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बाढ़ नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्य तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट मोड में रहने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, आवश्यक संसाधनों की पूर्व उपलब्धता और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इन्होंने संभावित बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। आवश्यकता पड़ने पर आवागमन के लिए नावों का परिचालन सुनिश्चित करने तथा नावों को पंचायतवार टैग कर पहले से उपलब्ध रखने को कहा। नाव परिचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार पीएचईडी के माध्यम से पेयजल, चापाकल, अस्थायी शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया। डीएम ने जनप्रतिनिधियों से स्थानीय स्तर पर बाढ़ से संबंधित समस्याओं और संवेदनशील स्थलों की जानकारी प्रशासन को देने तथा आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।बैठक में सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी आरा, निदेशक डीआरडीए, प्रभारी पदाधिकारी (आपदा), अंचल अधिकारी बड़हरा, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल आरा समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

