देश के रक्षा मंत्री से टेलीफोनिक संपर्क करने की कोशिश,नही हुआ सम्पर्क भेजा जाएगा पत्र।
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)22 अगस्त।भोजपुर जिले के संदेश प्रखंड अंतर्गत ग्राम—जनेसरा, पंचायत—पंडुरा निवासी भारतीय सेना के अग्निवीर जवान कुंदन कुमार के 14 अगस्त 2026 से लापता होने की सूचना पर उनके परिजन एवं ग्रामीणों में चिंता व्याप्त है। कुंदन कुमार वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली क्षेत्र में 5 ग्रेनेडियर्स में तैनात थे।
सांसद ने इस मामले गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्री से टेलीफोनिक संपर्क करना चाह लेकिन रक्षा मंत्री के आवास व कार्यालय के फोन नही उठा। जिनके बाद पत्र लिख कर आवश्यक पहल की मांग किया।
इस संबंध में आरा सांसद कॉ. सुदामा प्रसाद ने रक्षा मंत्री भारत सरकार व भोजपुर जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले में तत्काल आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। सांसद ने कहा कि एक युवा सेना जवान का लापता होना अत्यंत गंभीर एवं चिंताजनक मामला है। उनके परिजनों का भी जवान से संपर्क पूरी तरह टूट गया है, जिससे परिवार के लोग गहरे तनाव और चिंता में हैं।
सांसद ने रक्षा मंत्री व जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अरुणाचल प्रदेश सरकार एवं संबंधित सैन्य अधिकारियों से तत्काल संपर्क एवं समन्वय स्थापित किया जाए तथा कुंदन कुमार की खोजबीन एवं सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव आवश्यक कदम उठाया जाए।
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जवान के परिजनों को उनकी स्थिति एवं खोजबीन से संबंधित वस्तुस्थिति की नियमित एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सांसद ने उम्मीद जताई कि संबंधित मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करेंगी और लापता जवान कुंदन कुमार की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।



