जिला प्रशासन एवं एनटीपीसी के बीच 13 लाख रुपये की लागत से दो ई-कार्ट उपलब्ध कराने को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर।
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड) 30 जुलाई।समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की उपस्थिति में जिला प्रशासन एवं एनटीपीसी, नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर परियोजना, टंडवा के बीच चतरा इको पार्क में पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत लगभग 13 लाख रुपये की लागत से 12-12 सीट क्षमता वाले दो ई-कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे।
समझौता ज्ञापन पर जिला प्रशासन की ओर से जिला खनन पदाधिकारी मनोज कुमार टोप्पो तथा एनटीपीसी की ओर से प्रमंडलीय महाप्रबंधक (एचआर) निखिल गुप्ता ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि चतरा इको पार्क जिले का प्रमुख पर्यटन स्थल बनकर उभर रहा है। पर्यटकों की सुविधा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए ई-कार्ट की व्यवस्था एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों एवं दिव्यांगजनों सहित सभी आगंतुकों को पार्क भ्रमण में सुविधा मिलेगी तथा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।
इस योजना के क्रियान्वयन से इको पार्क आने वाले पर्यटक पार्क परिसर का अधिक सहज एवं सुविधाजनक तरीके से भ्रमण कर सकेंगे। साथ ही यह पहल जिले में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करने एवं पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस अवसर पर जिला खनन पदाधिकारी मनोज कुमार टोप्पो, प्रशिक्षु सह संलग्न पदाधिकारी (दक्षिणी वन प्रमंडल) श्वेताभ सुमन, एनटीपीसी के प्रमंडलीय महाप्रबंधक (एचआर) निखिल गुप्ता तथा सहायक महाप्रबंधक (एचआर) नीरज कुमार रॉय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

