जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन एवं अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को किया संबोधित, दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश।
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)22 जून।भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision)-2026 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर टाउन हॉल, सिदगोड़ा एवं आरवीएस स्कूल, डिमना में बीएलओ (Booth Level Officer) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम, प्रक्रियाओं एवं पुनरीक्षण कार्य की महत्ता को लेकर जानकरी दी एवं अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए ।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मियों को घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, निर्धारित प्रपत्रों का सही तरीके से संधारण करने तथा पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्रत्येक बीएलओ को अपने मतदान क्षेत्र के सभी परिवारों तक पहुंचकर मतदाता विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के निर्धारित कार्यक्रम, घर-घर सत्यापन की प्रक्रिया, गणना प्रपत्र भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन, दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन, ईसीआईनेट (ECINET) के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षणार्थियों को बताया गया कि आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाए जाएंगे तथा आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
इस अवसर पर ईआरओ सह एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), मास्टर ट्रेनर, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

