
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)12 जून। गुरुवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत बाँसकुली पंचायत के मानिकडीह गांव तथा धनभाषा पंचायत सचिवालय में आयोजित अबुआ जाति-निवासी प्रमाण पत्र अभियान शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ग्रामीणों से पेयजल, राशन, धोती-साड़ी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ एवं उनकी उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
शिविर के दौरान तीन आवेदकों—रामधन मरांडी, रविलाल मरांडी एवं सुलतान अंसारी—के जाति प्रमाण पत्र संबंधी आवेदनों का ऑनलाइन निष्पादन किया गया। उपायुक्त ने स्वयं उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को पंचायत स्तर पर ही सभी आवश्यक प्रमाण पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध हों।
उपायुक्त के निदेशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान के तहत धनभाषा पंचायत सचिवालय में जाति प्रमाण पत्र हेतु 46 एवं निवासी प्रमाण पत्र हेतु 60 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 106 आवेदनों का पंजीकरण किया गया, जिनका ऑनलाइन निष्पादन शिविर स्थल पर ही किया जा रहा है।
इसी प्रकार बाँसकुली पंचायत के मानिकडीह गांव में आयोजित शिविर में जाति प्रमाण पत्र हेतु 33 एवं निवासी प्रमाण पत्र हेतु 43 आवेदन प्राप्त हुए। कुल 76 आवेदनों को ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से निष्पादन हेतु दर्ज किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर प्रमाण पत्र निर्माण हेतु आवेदन जमा किए।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को और अधिक प्रभावी बनाते हुए पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त दुमका, प्रखंड विकास पदाधिकारी रानीश्वर,संबंधित पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, राजस्व उप निरीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
