जन शिकायतों के निष्पादन, भूमि सीमांकन, नामांतरण एवं अतिक्रमण मामलों के निपटारे पर विशेष जोर।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)09 जून।जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचलों एवं थाना क्षेत्रों में प्रत्येक माह नियमित रूप से *‘अंचल दिवस’ एवं ‘थाना दिवस’* का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि भूमि विवादों एवं राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो सके।
जिला स्तर पर आयोजित जनसुनवाई, जन शिकायत निवारण कार्यक्रमों तथा विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों के समाधान में और अधिक प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है। इसी परिप्रेक्ष्य में यह संयुक्त आदेश जारी किया गया है।
हर माह तय तिथि पर होगा आयोजन
उपायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रत्येक माह की 15 तारीख (यदि अवकाश हो तो एक दिन पूर्व कार्य दिवस) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से संबंधित अंचल कार्यालय परिसर में *‘अंचल दिवस’* आयोजित किया जाएगा। वहीं प्रत्येक माह की 30 तारीख (यदि अवकाश हो तो एक दिन पूर्व कार्य दिवस) को पूर्वाह्न 11:00 बजे से थाना परिसर में *‘थाना दिवस’* आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का संचालन संबंधित अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से करेंगे।
किसी भी परिस्थिति में स्थगित नहीं होंगे कार्यक्रम
जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अंचल दिवस एवं थाना दिवस किसी भी परिस्थिति में स्थगित नहीं किए जाएंगे। कार्यक्रम के दिन आवश्यकता अनुसार अंचल एवं थाना स्तर के कार्यों का संचालन समन्वय के साथ किया जाएगा ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इन मामलों के समाधान को मिलेगी प्राथमिकता
अंचल दिवस एवं थाना दिवस के दौरान निम्नलिखित विषयों पर विशेष रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी—
1. *भूमि विवाद एवं दखल-कब्जा से संबंधित मामले*
भूमि विवाद, दखल-कब्जा तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्राप्त शिकायतों पर अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी संयुक्त रूप से संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNSS) एवं प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करेंगे।
2. *भूमि सीमांकन संबंधी शिकायतें*
भूमि सीमांकन हेतु प्राप्त आवेदन एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। आवश्यकतानुसार अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित कर सीमांकन कार्य संपादित कराया जाएगा।
3. *लगान अद्यतन एवं त्रुटि सुधार*
राजस्व अभिलेखों में सुधार, लगान अद्यतन एवं संबंधित मामलों में प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
4. *नामांतरण मामलों की गहन जांच*
नामांतरण के लिए प्राप्त विवादित मामलों में दस्तावेजों की उपलब्धता, वैधता एवं वास्तविक स्थिति की जांच की जाएगी। जहां भूमि विवाद या दखल-कब्जा की संभावना होगी, वहां नामांतरण नहीं किया जाएगा।
5. *BNSS-163 के मामलों में प्रतिवेदन*
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा मांगे गए BNSS-163 संबंधी प्रतिवेदनों को सभी अंचल अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
6. *उत्तराधिकार एवं आपसी बंटवारा आधारित नामांतरण को बढ़ावा*
जनसामान्य के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर उत्तराधिकार एवं आपसी सहमति आधारित नामांतरण प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करेंगे।
7. *नियमित जन सुनवाई*
सभी अंचल अधिकारी प्रत्येक माह मंगलवार एवं शुक्रवार को जन सुनवाई आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
8. *प्रखंड एवं अंचल स्तर पर संयुक्त जन सुनवाई*
जो अंचल अधिकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी का भी प्रभार संभाल रहे हैं, वे प्रखंड एवं अंचल दोनों स्तरों पर समन्वित जन सुनवाई सुनिश्चित करेंगे।
9. *सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई*
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत प्राप्त होने पर Public Encroachment Act के तहत त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
10. *Possession एवं Ownership संबंधी प्रतिवेदन*
थाना द्वारा मांगे जाने पर अंचल अधिकारी भूमि स्वामित्व एवं कब्जा संबंधी प्रतिवेदन शीघ्र उपलब्ध कराएंगे।
नोडल पदाधिकारी करेंगे निगरानी
अंचल दिवस एवं थाना दिवस के सफल आयोजन हेतु अपर समाहर्ता को जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। प्रत्येक आयोजन के अगले दिन जिला राजस्व शाखा के माध्यम से समेकित प्रतिवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कार्यक्रमों की सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
जनता से उपायुक्त की अपील
उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, लगान एवं अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित तिथियों पर आयोजित अंचल दिवस एवं थाना दिवस में भाग लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सभी मामलों के त्वरित, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निष्पादन के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से भूमि विवादों में कमी आएगी तथा जिले में सुशासन और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा।

