आँगनबाड़ी भवन का उद्घाटन, लाभुक दीदियों को टोटो वितरण एवं स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा।
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)15 मई। गुरुवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा द्वारा रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत आसनबनी पंचायत स्थित समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कृषक पाठशाला में संचालित कृषि एवं पशुपालन गतिविधियों का विस्तार से जायजा लिया तथा किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धति से जोड़ने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मार्केटिंग कंसल्टेंट मो० महबूब अंसारी द्वारा जानकारी दी गई कि कृषक पाठशाला के नवनिर्मित बकरी फार्म में 50 बकरियां, पोल्ट्री फार्म में 650 पोल्ट्री मुर्गे, जिनमें लगभग 400 अंडा देने वाली मुर्गियां शामिल हैं, तथा बत्तख फार्म में लगभग 400 बत्तख रखे गए हैं। वहीं कृषि कंसल्टेंट वीर प्रकाश सिंह द्वारा कृषक पाठशाला में लगाए गए फसलों एवं आगामी मौसम में प्रस्तावित फसलों की जानकारी उपायुक्त को दी गई।
उपायुक्त ने कृषक पाठशाला परिसर में विविध प्रकार की नई फसलों एवं पौधों का रोपण कर किसानों को व्यवहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान कृषक पाठशाला में निर्मित गाय शेड में गाय नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त ने कृषक पाठशाला परिसर में प्रखंड के कृषक मित्रों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। ग्रामीणों से बातचीत के क्रम में उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर नियमित रूप से म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त द्वारा पौधारोपण भी किया गया।
इसके उपरांत उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने आसनबनी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय आसनबनी परिसर में आंगनबाड़ी केंद्र आसनबनी-1 के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच खिलौना एवं टॉफी का वितरण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस के अंतर्गत लाभुक दीदियों — सविना सोरेन, करिश्मा बीबी, मुनी किस्कु एवं बेबी कुमारी — को टोटो वाहन प्रदान किया गया। उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में यह पहल आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। लाभुक महिलाओं ने बताया कि टोटो संचालन से उन्हें प्रतिदिन लगभग 400 से 500 रुपये तक की आमदनी होने की संभावना है।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने आसनबनी पंचायत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में ओपीडी, वार्ड, कोल्ड चेन सहित स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने धनभाषा पंचायत अंतर्गत सिउलीबोना गांव पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा आवास, पेयजल, खाद्यान्न सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रानीश्वर, अंचल अधिकारी रानीश्वर सहित प्रखंड के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

