
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)14 मई। बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी अनन्य मित्तल के निर्देश के आलोक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कैनेडी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव कुमार एवं जिला डाटा प्रबंधक सुजीत कुमार मुंडा द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल (SDH) नगर ऊंटारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गढ़वा सहित 11 अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, दवा भंडार (स्टोर), विभिन्न वार्डों एवं संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का गहन जायजा लिया गया। सिविल सर्जन द्वारा स्टोर में उपलब्ध दवाओं एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की समीक्षा करते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों एवं संबंधित कर्मियों को अस्पताल परिसर में उपलब्ध सभी सामग्रियों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भ्रमण के क्रम में Block Public Health Unit (BPHU) से संबंधित कार्यों एवं व्यवस्थाओं पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
सिविल सर्जन ने निर्देशित किया कि अनुमंडलीय अस्पताल नगर ऊंटारी में आगामी 10 दिनों के भीतर हर्निया, हाइड्रोसिल, अपेंडिक्स, बच्चेदानी का ऑपरेशन एवं अन्य सर्जरी तथा सिजेरियन सेक्शन के ऑपरेशन की सुविधा प्रारंभ की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने BPHU को ट्रॉमा सेंटर में संचालित करने का निर्देश दिया जिससे कि शहर के उस हिस्से के रोगियों को सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने डीएस, नगर ऊंटारी को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही अस्पताल में Dental Surgeon एवं Ophthalmic Assistant की तैनाती की जाएगी, जिससे आमजनों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि SDH नगर उंटारी को दो से तीन दिनों के अंदर गढ़वा से एक एंबुलेंस की व्यवस्था कराई जाएगी।
इसी क्रम में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत संचालित सभी PHC एवं CHC का निरीक्षण किया गया तथा स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर संचालन एवं व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को जनहित के अनुरूप बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आम नागरिकों को सुलभ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
