RK TV News
खबरें
Breaking News

बागपत:एसआईआर अभियान को जिसने बनाया सफल, उसका हुआ सम्मान।

लोकतंत्र को मजबूत बना रहे नागरिकों का हुआ सम्मान, उत्सव के रूप में मनाया गया मतदाता दिवस।

पहली बार वोटरों से लेकर स्वीप आइकॉन तक, मतदाता जागरूकता के नायकों का सम्मान।

संस्कृति, रंगोली और गीतों में रचनात्मकता के साथ गूंजा मतदाता जागरूकता का संदेश।

मतदाता सूची शुद्धिकरण में योगदान देने वालों का प्रशासन ने किया अभिनंदन।

‘मैं भारत हूँ’ के संदेश के साथ युवाओं ने संभाली लोकतंत्र की जिम्मेदारी।

 

हर वोट की अहमियत का संदेश, युवाओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम।

RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)26जनवरी। रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बागपत कलेक्ट्रेट परिसर लोकतंत्र के उत्सव में सराबोर नजर आया। जिले में मतदाता जागरूकता, सहभागिता और समावेशन को केंद्र में रखते हुए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन, शैक्षिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अस्मिता लाल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार की महत्ता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश पूरे कार्यक्रम में केंद्र में रहा।
कार्यक्रम के शुभारंभ सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को प्रेरक बना दिया। वेदान्तिक इंटरनेशनल स्कूल तथा राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बावली के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और समूह-प्रस्तुति के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। “मतदान देने जाएंगे भारत के लिए, मैं भारत हूँ” जैसे गीतों पर प्रस्तुतियों ने युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और मतदान के प्रति गर्व का भाव जगाया। बच्चों की प्रस्तुतियों में लोकतंत्र, संविधान और नागरिक कर्तव्यों की झलक साफ दिखाई दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।
इसी क्रम में माय भारत, एनसीसी तथा भारत स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से “हर वोट जरूरी”, “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे संदेश गूंजे। रैली के दौरान राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बागपत की बालिकाओं द्वारा बनाई गई रंगोली ने भी सबका ध्यान आकर्षित किया। जिलाधिकारी ने रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि रचनात्मकता के साथ दिया गया संदेश लंबे समय तक लोगों के मन में रहता है।
कार्यक्रम में मौजूद हर व्यक्ति ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का बैज लगाकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पूरे परिसर में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण रहा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई और यह संदेश दिया कि लोकतंत्र तभी सशक्त होता है, जब नागरिक अपने मताधिकार का जिम्मेदारी से प्रयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था की आधारशिला है।
इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कार्मिकों और नागरिकों का सम्मान भी किया गया। सराहनीय कार्य करने वाले बूथ लेवल ऑफिसरों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वीप के अंतर्गत मतदाता जागरूकता में सक्रिय योगदान देने वाले नागरिकों को भी प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि समाज के विभिन्न वर्गों में बुजुर्ग मतदाताओं, ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों और युवाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। पहली बार मतदाता बने पाँच युवाओं को फोटो पहचान पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें मतदान को लेकर गर्व और उत्साह देखने को मिला। तीनों तहसीलों से दो-दो उत्कृष्ट बीएलओ को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त मतदाता जागरूकता से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के नौ विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मौके पर मौजूद पत्रकार भी सम्मानित किए गए।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष प्रगाश पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में जिस प्रकार जिले के नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, वह सराहनीय है। उन्होंने बताया कि इसी सहभागिता के परिणामस्वरूप ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है। नागरिकों से अपील की गई कि वे ऑनलाइन माध्यम से अथवा अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करें, ताकि त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी वर्गों की भागीदारी अनिवार्य है। युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी की भागीदारी से ही चुनावी प्रक्रिया समावेशी बनती है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए संचालित विभिन्न सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रशासन ने स्वीप बागपत एप पर इन सेवाओं को जोड़ा है जिससे नागरिकों को एक ही क्लिक पर जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में एसआईआर और मतदाता जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन बनाने में योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। पुरा महादेव मंदिर के मुख्य पुजारी जयभगवान शर्मा को सामाजिक स्तर पर जागरूकता फैलाने के लिए सम्मान मिला। सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं तक लोकतांत्रिक संदेश पहुँचाने वाली पारुल चौधरी को भी सम्मानित किया गया। राज्य युवा पुरस्कार विजेता एवं स्वीप आइकॉन अमन कुमार को युवाओं के बीच मतदाता जागरूकता के लिए किए गए निरंतर प्रयासों के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही माय भारत स्वयंसेवक निखिल एवं सेवानिवृत शिक्षिका ओमबीरी को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने वाले सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों और कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया। स्वीप गतिविधियों में विशेष योगदान के लिए जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया एवं मतदाताओं को जागरूक बनाने में सूचना विभाग के कार्यों की प्रशंसा हुई।
कार्यक्रम का संचालन नीतू कुमरा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राज्य अध्यापक पुरस्कार विजेता प्रीति शर्मा, अंतरिक्ष कुमार, उमेश कुमार, रामनिवास, संध्या रानी, नीतू यादव, डॉ. सुधा शर्मा, संगीत शिक्षक रमन कुमार आदि का योगदान रहा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) विनीत उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी बृजेंद्र शुक्ल, जिला युवा अधिकारी योगेश कुमार, प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी मलखान सिंह तथा निर्वाचन कार्यालय से प्रदीप कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

संवेदनशील पहल बनी मिसाल, मानवीय कर्तव्यों का उत्सव

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में लोकतंत्र के उत्सव के साथ-साथ सामाजिक संवेदनशीलता की भी सशक्त मिसाल देखने को मिली, जब मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के बीच नेत्रदान संकल्प पत्र अभियान कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों सहित 50 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक नेत्रदान संकल्प पत्र भरकर यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी के साथ-साथ मानवीय कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। मौजूद एसडीएम, मुख्य पुजारी, सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर, स्वीप आइकॉन, स्वयंसवेकों ने पहल करते हुए संकल्प पत्र भरा।

Related posts

उत्तर प्रदेश:बाबा साहब ने कहा था कि शिक्षित बनो, यदि आप शिक्षित रहेंगे, तो अपने कर्तव्यों से कभी विचलित नहीं होंगे: योगी आदित्यनाथ

rktvnews

सिंदूर की सौगंध: ‘एक था पाकिस्तान’ की गूंज।

rktvnews

बिहार:भारतरत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर को दी गई श्रद्धांजलि।

rktvnews

यूएई नौसेना एसएमई प्रतिनिधिमंडल का 27 अगस्त से 01 सितंबर 2023 तक भारतीय नौसेना के प्रमुख केंद्रों का दौरा।

rktvnews

समय उसके इशारे पर चलता था!

rktvnews

दैनिक पञ्चांग : 28 जून 24

rktvnews

Leave a Comment