RK TV News
खबरें
Breaking Newsराष्ट्रीय

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पुर्तगाल के प्रधानमंत्री और पुर्तगाली संसद के अध्‍यक्ष से मुलाकात की।

 

RKTV NEWS/ नई दिल्ली 09 अप्रैल।पुर्तगाल की अपनी यात्रा के अंतिम दिन (8 अप्रैल, 2025) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लिस्बन में पुर्तगाली संसद के अध्यक्ष जोस पेड्रो अगुइर-ब्रैंको से मुलाकात की। दोनों इस बात पर सहमत थे कि भारत और पुर्तगाल की संसदों के बीच नियमित आदान-प्रदान से दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रपति ने लिस्बन में पुर्तगाल के प्रधानमंत्री लुइस मोंटेनेग्रो से भी मुलाकात और बातचीत की। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए आगे के रास्ते पर विचार-विमर्श किया। वे इस बात पर सहमत हुए कि व्यापार और वाणिज्य, रक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा ऊर्जा जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग के अधिक अवसर हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कल (8 अप्रैल, 2025) राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा के साथ लिस्बन में चंपालिमॉड फाउंडेशन का दौरा किया और तंत्रिका विज्ञान, ऑन्कोलॉजी, प्रायोगिक नैदानिक अनुसंधान और स्वचालित चिकित्सा वितरण के क्षेत्रों सहित विभिन्न अनुसंधान और विकास पहलों को देखा। राष्ट्रपति ने चंपालिमॉड फाउंडेशन और पुर्तगाल के अन्य संस्थानों में काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं और विद्वानों के साथ भी बातचीत की। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों और वैज्ञानिक अनुसंधान में भारत-पुर्तगाल सहयोग को मजबूत करने में भारतीय विद्वानों की भूमिका की सराहना की।
चैंपालीमॉड सेंटर फॉर द अननोन एक अत्याधुनिक चिकित्सा, वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थान है, जहां अनुप्रयुक्त अनुसंधान गतिविधियों और उन्नत शिक्षा कार्यक्रमों के साथ-साथ अंतःविषयक नैदानिक देखभाल सुविधा केन्‍द्र विकसित किया जा रहा है।
बाद में, राष्ट्रपति ने लिस्बन में महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
राष्ट्रपति ने लिस्बन में अपने अंतिम कार्यक्रम में पुर्तगाल में भारत के राजदूत द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया तथा सांसद धवल पटेल और संध्या रे भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुर्तगाल के सभी भागों से लिस्बन आए भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विभिन्न भागों और विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व करते हुए वे न केवल भारत की विविधता को दर्शाते हैं, बल्कि उन साझा मूल्यों का प्रतिनिधित्‍व भी करते हैं जो दोनों देशों को बांधते हैं जैसे- लोकतंत्र, बहुलवाद, भाईचारे की भावना।
राष्ट्रपति ने कहा कि पुर्तगाल में उनके योगदान और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उनके प्रयास उन्हें हमारे देश के सच्चे राजदूत बनाते हैं। उन्हें यह जानकर प्रसन्‍नता हुई कि वे अपनी कड़ी मेहनत से सफलता और उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं और भारत को गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने पुर्तगाल की सरकार और लोगों को भारतीय प्रवासियों का स्वागत करने और उनकी सुरक्षा तथा भलाई सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार अपने प्रवासी समुदाय के साथ संबंधों को मजबूत करने और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने संकट के समय प्रवासी समुदाय की सहायता के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने प्रवासी भारतीयों से कहा कि विदेशों में स्थित भारतीय मिशन हर भारतीय की सहायता के लिए तैयार हैं, क्योंकि वे जहां भी हैं, उनकी मातृभूमि हमेशा उनके साथ है!
स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति स्लोवाकिया के लिए रवाना हो गईं।

Related posts

केंद्रीय मंत्री सह सांसद आर के सिंह ने स्वर्गीय विष्णु गोयनका के परिजनों से मिल उनके निधन पर शोक प्रकट किया।

rktvnews

देवघर:सफलता की मिठास:₹30,000 के ऋण से ‘पलाश पेड़ा’ के ब्रांड तक का सफर…

rktvnews

भोजपुर:जनहित परिवार भोजपुर द्वारा मनाया गया 78 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह।

rktvnews

पृथ्वी से चंद्रलोक तक प्रधानमंत्री का विकास दिख रहा है:सी डी शर्मा

rktvnews

दरभंगा:सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को लेकर जिला कोऑर्डिनेशन कमिटी बैठक।

rktvnews

उमरिया:खुशियों की दास्तां: बुजुर्गों और हितग्राहियों के चेहरे पर आई मुस्कान।

rktvnews

Leave a Comment