अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना एवं मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत लाभुकों को प्रदान किया गया सावधि जमा पत्र।
लाभुकों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अनुदान के तहत प्राप्त राशि का करेंगे सदुपयोग।
RKTV NEWS/बेतिया पश्चिमी चंपारण 21 फ़रवरी।जिलाधिकारी दिनेश राय द्वारा आज समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विवाह योजनाओं के तहत समाहरणालय के सभागार में 21 दम्पतियों के बीच एक-एक लाख रुपये का सावधि जमा पत्र का वितरण किया गया। इस वितरण कार्यक्रम में 15 दम्पतियों को अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का लाभ दिया गया। वहीं 6 दम्पतियों को मुख्यमंत्री निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का लाभ दिया गया।
विवाह योजनाओं के तहत एक साथ 21 दम्पतियों के बीच सावधि जमा पत्र का वितरण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा जारी इन योजनाओं से समाज में छुआ-छूत की भावना को समाप्त करने में काफी मदद मिली है। साथ ही दिव्यांगजनों के बीच भी विवाह के प्रचलन में वृद्धि हुई है। इन योजनाओं से दिव्यांगजन एवं महिलाओं के स्वावलम्बन के उदेश्य की पूर्ति हुई है।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाएं सरकार की ऐसी व्यवस्था है कि आप अपने पैरो पर खड़ा हो सके, स्वावलंबी बन सकें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सामाजिक परिवेश बदला है। एक समय में सिर्फ जाति बंधन हुआ करता था। छूआछूत की भावना रहती थी। पूर्व में समाज में अंतर्जातीय विवाह को मान्यता नहीं मिली थी, बहुत सारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन सरकार ने कई कदम उठाएं और जो भी इसके अंतर्गत आते थे उन्हें योजनाओं का लाभ देकर प्रोत्साहित किया।
अपर समाहर्ता विभागीय जाँच, कुमार रविन्द्र ने बताया के इस योजना से समाज की एक बहुत पुरानी कुप्रथा को समाप्त करने में मदद मिली है।
वितरण कार्यक्रम में अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत सारिका सिन्हा, दीपांजली सिंह, नेहा कुमारी, रौशनी कुमारी, आकांशा कुमारी, सोनी कुमारी, सानया राज को एक-एक लाख रुपये का सावधि जमा पत्र दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत सुमंत कुमार, खुशिद आलम, रमेश चौधरी, पवन कुमार एवं मनीष कुमार को एक-एक लाख रुपये का सावधि जमा पत्र दिया गया। अनिरूद्ध साह को दोनों विवाह योजनाओं का लाभ दिया गया, वे एक दिव्यांग व्यक्ति है और उन्होंने अंतर्जातीय विवाह किया है।
सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा ने बताया की इस वितीय वर्ष में जिला पदाधिकारी द्वारा अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत 13 और मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत 4 लाभुकों की स्वीकृति प्रदान की गयी है। उन्होंने बताया कि समाज में जाति प्रथा को समाप्त करने, दहेज़ प्रथा को हतोत्साहित करने, छुआ-छूत की भावना को समाप्त करने तथा अंतर्जातीय विवाह करने वाली महिला को आर्थिक रूप से सबल बनाने के उदेश्य से अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत एक लाख रुपये मात्र अनुदान के रूप में दी जाती है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा निःशक्त व्यक्तियों के विवाह को प्रोतसाहित करने और उन्हें आर्थिक रूप से सबल बनाने के उदेश्य से मुख्यमंत्री दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का लाभ दिया जाता है।
इन योजनाओं का लाभ पा कर दम्पति काफी खुश थे। लाभुकों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अनुदान के तहत प्राप्त राशि का सदुपयोग करेंगे।
वितरण कार्यक्रम अपर समाहर्ता, राजीव कुमार सिंह, अपर समाहर्ता, विभागीय जांच,कुमार रविन्द्र, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अमरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, रोचना माद्री, वरीय उप समाहर्ता, निधि राज, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा,सुजीत कुमार, सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, ब्रजभूषण कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


