
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)01 जनवरी। प्रख्यात संगीताचार्य पं देवनन्दन मिश्र के भतीजे पं रमेश मिश्र की श्रद्धांजलि सभा में जिले के गण्यमान्य जनों ने मंगलवार को संदेश प्रखंड के पिंजरोई गांव में अपना श्रद्धा-सुमन अर्पित किया।सभा की अध्यक्षता करते हुए भोजपुर जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो बलिराज ठाकुर ने कहा कि स्व रमेश मिश्र ने संगीत और समाजसेवा में पं देवनन्दन मिश्र की परम्परा को जीवंत रखा।उनका असमय निधन दुःखद है किन्तु उनके परिजनों द्वारा संगीत और समाजसेवा के लिए जो प्रतिबद्धता दिखाई गई है, वह सराहनीय है।इस अवसर पर प्रसिद्ध भागवताचार्य डॉ भारतभूषण जी महाराज, साहित्यकार एवं पूर्व पुलिस अधिकारी कृष्ण चंद्र दूबे, शिवदास सिंह, मधेश्वर नाथ पाण्डेय,वयोवृद्ध संगीतज्ञ सूर्य कुमार मिश्र, नागेन्द्र पाण्डेय, ब्रजेंद्र कुमार मिश्र,तबला वादक देवेश दूबे, सहदेव पांडेय,बच्चा सिंह समेत तमाम प्रमुख जनों ने स्व रमेश मिश्र को व्यवहारकुशल एवं समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व बतलाया। इस अवसर पर योगेन्द्र नाथ दूबे ने कबीर दास तथा शिवनारायण गुरु के निर्गुण गाकर वातावरण को भावुक बना दिया।आभार ज्ञापन स्व मिश्र के सुपुत्र संगीत शिक्षक राकेश कुमार मिश्र ने किया। कार्यक्रम में जिले के तमाम बुद्धिजीवी, संगीत प्रेमी एवं शिक्षकगण सम्मिलित हुए।


