
RKTV NEWS/मुजफ्फरपुर (बिहार)13 दिसंबर।टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के निमित्त 100 दिवसीय टीबी उन्मूलन सह जागरूकता अभियान का आज आगाज किया गया। जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने स्वास्थ्य विभाग की कार्य योजना के अनुरूप 13 दिसंबर से 23 जनवरी तक सभी प्रकार की गतिविधियों का संचालन एवं प्रभावी क्रियान्वयन ससमय पूरा करने तथा लगातार मानिटरिंग कर प्रतिदिन के कार्यों की समीक्षा एवं रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया। इस बाबत जिला पदाधिकारी ने इस अभियान से जुड़े तमाम अधिकारियों के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक की तथा प्रखंडवार समीक्षा कर कार्यों में सुधार लाने तथा प्रगति लाने का निर्देश दिया।इसके लिए उप विकास आयुक्त को नियमित समीक्षा कर अभियान में तेजी लाने को कहा।
टीबी मुक्त भारत के निर्माण का अधिकारियों एवं कर्मियों ने लिया शपथ
टीबी मुक्त भारत के लिए जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को शपथ दिलाया गया। शपथ लेकर सभी अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा मुजफ्फरपुर जिला से टीवी का उन्मूलन करने और जिला के लोगों के बीच टीवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा टीवी के उपचार को सुलभ करने के लिए अपने जिला के सरकारी संस्थानों,जनप्रतिनिधयों और सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
टीबी जागरूकता रथ को डीएम ने किया रवाना
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा टीबी के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक एवं प्रेरित करने का निर्देश दिया। ऑडियो सेट एवं फ्लेक्स से सुसज्जित प्रचार वाहन द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के बीच टीबी के लक्षण, कारण, इलाज एवं सावधानी से अवगत कराने की योजना है।
पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी हितधारकों के साथ प्रखंडों में होगी बैठक, बनेगा वर्क प्लान
प्रखंडों में भी पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को बैठक करने तथा इस अभियान से हर गांव/ पंचायत को जोड़कर जनांदोलन का स्वरूप प्रदान करने का निर्देश दिया गया ताकि आम जनमानस में टीबी रोग के कारण, लक्षण, जांच एवं नियमित दवा का सेवन करने के बारे में जानकारी हो। इसके लिए हर प्रखंड में पंचायत स्तर पर कार्य योजना तैयार कर उसके अनुरूप रणनीतिक रूप से अभियान को सफल बनाने की योजना है।
सभी MOIC/BHM को मोबलाइजेशन, कार्यान्वयन एवं रिपोर्टिंग का मिला टास्क
सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं बीएचएम को वर्कप्लान का प्रतिदिन फालोअप करने, समीक्षा करने एवं प्रतिदिन के कार्यों का रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया। ओपीडी में प्रतिदिन इलाज करा रहे मरीजों की संख्या का 10% टीबी के लिए स्पीटुन जांच करने का निर्देश दिया।इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
