बागपत/उत्तर प्रदेश 20 जनवरी।जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह व पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय आज बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जन सामान्य की शिकायत सुन रहे थे और जिलाधिकारी ने शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा समाधान दिवस में प्राप्त प्रकरणों/शिकायतों को अधिकारीगण सम्बंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जा कर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विवाद के मामलों में शिकायत का निस्तारण होने की दशा में सहमति पत्र पर दोनो पक्षों का हस्ताक्षर होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति सरकार बेहद संवेदनशील हैं, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही न किया जाये। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजन में भूमि विवाद/अतिक्रमण की शिकायतों पर राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व निरीक्षक, लेखपाल तथा पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण ससमय निस्तारण किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकरणों की गंभीरता से जांच की जाय साथ ही जबाबदेह लोगों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाय। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर कुछ प्रकरण ऐसे होते है जिसकी शिकायत लेकर कई बार शिकायतकर्ता यह कहते है कि उनकी शिकायत का निस्तारण नही हो रहा है अथवा उनको सुना नही गया है अथवा गुणवत्तापरक निस्तारण नही किया गया है, जो अत्यन्त ही आपत्तिजनक है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में समस्त अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे जन शिकायतों का निस्तारण प्रत्येक दशा में निष्पक्षता, समयबद्धता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें, प्रत्येक प्रकरण की जांच के समय शिकायतकर्ता का पक्ष अवश्य सुना जाए तथा सभी तथ्यों की भॅलिभॉति जांच करने के उपरान्त ही प्रकरण का निस्तारण नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब भी अधिकारीगण गावों के भ्रमण पर जायं, अपने विभाग से संबंधित जन कल्याणकारी योजनाओं/कार्यक्रमों का मौके पर सत्यापन करें तथा लाभार्थियों का फीड बैक भी ले।
बागपत तहसील में विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 37प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से 06 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित कर शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बंधित अधिकारियों को हस्थांतरित करते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिये।
खेकड़ा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 15 शिकायत प्राप्त हुई जिसमें से 3का निस्तारण ,बड़ौत तहसील में 24 शिकायत आई जिसमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया।
बागपत तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांग कैंप का आयोजन किया गया जिसमें जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दिव्यांग जनों को प्रमाण पत्र वितरित किए जिसमें 13 दिव्यांग जनों के प्रमाण पत्र बनाए गए दिव्यांग प्रमाण पत्र पाकर दिव्यांगों के चेहरे खुशी से खेल खिलाए दिव्यांगों ने कहा कि इसके लिए हमें सरकारी कार्यालय को चक्कर काटने पड़ते थे आज बहुत ही आसानी के साथ तहसील दिवस में दिव्यांग प्रमाण पत्र बन जाता है जो हमारे जीवन के लिए बहुत उपयोगी है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दृष्टिगत आज बागपत तहसील में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत ई.वी.एम. एवं वी.वी.पैट प्रशिक्षण दिया गया जिसका जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने अवलोकन किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह, प्रभागीय वन अधिकारी बंदना एसडीएम निकेत वर्मा, जिला विकास अधिकारी हरेंद्र सिंह, जिला गन्ना अधिकारी अनिल भारती, जिला गन्ना अधिकारी दिनेश कुमार अरुण सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
