
RKTV NEWS/बक्सर (बिहार)18 नवंबर। जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में आज शिक्षा विभाग की समीक्षात्मक बैठक समाहरणालय परिसर अवस्थित सभाकक्ष में की गई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर के द्वारा बताया गया कि विगत वर्षों से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित 16 शिक्षकों के विरूद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित नियोजन इकाई को पत्र भेज दिया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को नियोजन इकाई के सचिव के साथ बैठक करने एवं अगली बैठक में नियोजन इकाई के सचिव के द्वारा की गई कार्रवाई का अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को अपने-अपने प्रखंड अंतर्गत सभी विद्यालयों की गहन समीक्षा करते हुए विगत वर्षों से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित शिक्षकों की सूची समर्पित करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर के द्वारा बताया गया कि सम्रग शिक्षा अभियान अंतर्गत 67 योजनाओं में से 04 योजना पूर्ण कर लिया गया है। जिसके आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अपने स्तर से प्रमाणित करेंगे कि कार्य सही हुआ है। सर्व शिक्षा अभियान से निर्मित किये जाने वाले योजनाओं का भी व्यापक स्तर पर जाँच करने का निर्देश दिया गया।
विभिन्न विद्यालयों में यथा पेयजल, शौचालय इत्यादि कार्य कराये जाने हेतु लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर एवं बुडको को कार्य आवंटित किया गया है। बताया गया कि परियोजना निदेशक बुडको द्वारा लगभग 03 माह व्यतीत हो जाने के बाद भी कोई कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इस संबंध में परियोजना निदेशक बुडको से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
अनुसूचित जाति विद्यालय केसठ, उर्दू मध्य विद्यालय केसठ एवं कन्या उच्च विद्यालय केसठ के पूर्व में किए गए भ्रमण में पाया गया कि नामांकन के अनुरूप विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम है। उक्त विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति पर संबंधित पर क्या कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर स्वयं अभिरूचि लेते हुए संबंधित पर कार्रवाई से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे।
विद्यालयों की पर्याप्त साफ-सफाई हेतु एजेंसी को चयनित किया गया है। परंतु भ्रमण के क्रम में विद्यालयों में साफ-सफाई का अभाव देखा जा रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर को निर्देश दिया गया कि संबंधित सफाई एजेंसी पर क्या कार्रवाई की गई, से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित करना सुनिश्चित करेंगे।
विभाग से प्राप्त आंवटन को उपावंटित करते हुए वितीय नियमावली के आलोक में व्यय करने को कहा गया। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अपने स्तर से इसका अनुश्रवण करना सुनिश्चित करेंगे।
जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र बक्सर में संचालित तीनों योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी विद्यालयों में उक्त तीनों योजनाओं के लिए नोडल पदाधिकारी नामित कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा 12वीं क्लास के बाद कितने बच्चों के द्वारा आगे की पढाई नहीं की जा रही है। इसका सतत जाँच करते हुए अद्यतन प्रतिवेदन समर्पित कराने का निर्देश दिया गया। ताकि वैसे बच्चों को चिन्हित करते हुए मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भता का लाभ दिया जा सकें। साथ ही बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम अंतर्गत अगले वितीय वर्ष के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, जिला नियोजन पदाधिकारी बक्सर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान बक्सर, संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
