नन्हे राम सीता की जोड़ी देख दर्शक हुए भाव विभोर।
विद्यालय द्वारा पारंपरिक पर्व त्योहारों पर कार्यक्रमों का किया जाता है संचालन: निशू जायसवाल
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)07 अक्टूबर।आज स्थानीय बी.एस.डीएवी.प.स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक दुर्गापूजा उत्सव पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम का आरंभ मधुर बांग्ला भक्ति गीत ‘कोमला’की धुन पर आठवीं कक्षा की छात्राओं द्वारा भाव नृत्य से हुआ। इसके बाद ‘आये तेरे भवन’ भक्ति गीत पर छठी कक्षा की छात्राओं ने भाव नृत्य प्रस्तुत किया।
इस संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में सबसे आकर्षक कक्षा द्वितीय के छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक डाँडिया नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस नृत्य-गीत के साथ हीं कक्षा एक तथा नर्सरी के विद्यार्थियों ने सीता, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न तथा अन्य चरित्रों की रूप-छवि में सबको खूब आकर्षित किया।
इस कार्यक्रम के अंतराल में प्राचार्या द्वारा ‘डीएवी.नेशनल स्पोर्ट्स मीट’ के चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
प्राचार्या नीशू जायसवाल ने कहा कि विद्यालय द्वारा इस तरह के कार्यक्रम प्रत्येक पारंपरिक पर्व-त्योहारों के अवसर पर संचालित किए जाते हैं। बच्चे अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहें, इस उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रमों का होना उल्लेखनीय हैं। संचालन अनुष्का और गार्गी ने संयुक्त रूप से किया।


