RK TV News
खबरें
Breaking Newsसफलता की कहानी

मध्यप्रदेश:अर्थ के अभाव से जूझने वाली जयपाली के घर की अर्थव्यवस्था ही बदल गई।

RKTV NEWS/भोपाल (मध्यप्रदेश)23 सितंबर।जीवन की दुश्वारियां कभी-कभी निराश कर देती हैं। निराश मन को कहीं से जरा सा भी सहारा मिल जाये, तो जीने की राह आसान हो जाती है। छिंदवाड़ा जिले की धूसावानी ग्राम पंचायत के मोयापानी गांव की जयपाली मरकाम के साथ भी यही हुआ। पति के साथ मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का गुजर-बसर करने वाली जयपाली के जीवन में कभी ऐसा वक्त भी आया, कि उसके पास खाने तक के पैसे नहीं थे। खाली पेट सोने की नौबत भी आयी। जिंदगी के बड़े ही बुरे दिनों से गुजरीं थीं वो। पर अब ऐसा बिल्कुल भी नहीं है।
कभी पति के साथ दिहाड़ी मजदूरी करने वाली जयपाली अब एक कपड़ा व्यापारी बन चुकी है। कपड़े के व्यापार से उनके घर की अर्थव्यवस्था ही पूरी तरह बदल गई है। जयपाली अपने कपड़ा व्यापार से हर महीने 15 रूपये से अधिक कमा रहीं है। उनके बच्चे अब सरकारी प्री-मेट्रिक होस्टल में रहकर पढ़ रहे हैं। पति की दो बहनों में से बड़ी को जयपाली ने प्राईवेट जॉब में लगवा दिया है और छोटी को ब्यूटी पार्लर का कोर्स करवा रही हैं। जयपाली के सास-ससुर भी साथ ही रहते हैं। उनके इस संयुक्त परिवार का गुजर-बसर अब इसी कपड़ा दुकान से हो रहा है। यही नहीं, जयपाली ने अपने बढ़ते कारोबार के चलते क्षेत्र के सभी हाट बाजारों में अपनी चलित कपड़ा दुकान लगाने के लिये एक ऑटो भी खरीद लिया है। ऑटो चलाने के लिये एक ड्राईवर भी रख लिया है। जयपाली और उसके पति हाट बाजारों में दुकान लगाने जाते हैं। ऐसे वक्त में भी जयपाली की तामिया ब्लॉक मुख्यालय में स्थायी कपड़ा दुकान बंद नहीं होती। अपनी दुकान में बैठने के लिये जयपाली ने 200 रूपये रोजनदारी पर एक व्यक्ति को रोजगार पर रख लिया है।
जयपाली मरकाम जनजातीय वर्ग से हैं। उनका जीवन हमेशा कठिनाइयों से भरा रहा। गरीबी और संघर्ष के बीच उसने कई रातें भूखे पेट बिताई, लेकिन कभी हार नहीं मानी। अपने सपनों को हकीकत में बदलने की इच्छा और अपने परिवार को बेहतर जीवन देने की चाह उसके मन में हमेशा बनी रही। अपनी दशा सुधारने के लिये जयपाली राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ गयीं। वे गांव के “मां नैना आजीविका स्व-सहायता समूह” की सदस्य बन गयीं। समूह की बचत से उन्हें पहली दफा 10 हजार रूपये ऋण मिला, जिससे उन्होंने किराना दुकान खोली। दूसरी बार एक लाख रूपये ऋण मिला, जिससे जनरल स्टोर खोला। तीसरी बार 3 लाख रूपये ऋण मिला, तो जयपाली ने इसमें अपनी जमापूंजी मिलाकर छोटी सी कपड़ों की दुकान खोल ली। शुरुआत में दुकान चलाना एक बड़ी चुनौती थी। न तो जयपाली के पास व्यापार का अनुभव था और न ही कोई बड़ी पूंजी, फिर भी, उसने अपने व्यापार को लगन से आगे बढ़ाया। आज अपनी मेहनत और समझदारी से जयपाली हर महीने 15 हजार रुपये कमा रही है। अपने बच्चों के लिए भी उसने अच्छी शिक्षा का इंतजाम कर दिया है। इतना ही नहीं, जयपाली ने अपनी दुकान में एक व्यक्ति को रोजगार दे दिया है, जो व्यापार चलाने में उसकी मदद भी करता है। जयपाली की सफलता का राज उसकी कभी न टूटने वाली उम्मीद और कड़ी मेहनत में छिपा है। आज वह एक सफल कपड़ा व्यापारी के रूप में जानी जाती है और अपने जनजातीय समुदाय के लिए एक प्रेरणापुंज बन गयी हैं।

Related posts

श्रीमद् विजयरत्न सुंदर सूरीश्वरजी महाराज की 500वीं पुस्तक के विमोचन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का उद्बोधन।

rktvnews

चतरा:उपायुक्त द्वारा जनता दरबार में विभिन्न जन-अभ्यर्थनों की सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन हेतु निर्देश।

rktvnews

राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा द्वारा सेमिनार आयोजित – गत 75 वर्षों में देश में लोकतंत्र और अधिक मजबूत हुआ – राष्ट्रपति

rktvnews

भोपाल:जनता दल (यूनाइटेड) द्वारा मध्यप्रदेश में जनसंपर्क एवं सदस्यता अभियान जारी।

rktvnews

चतरा:नगर परिषद चुनाव : दो वार्डों में निर्विरोध जीत, 20 वार्डों में 82 प्रत्याशी आमने-सामने।

rktvnews

मुजफ्फरपुर:धूमधाम से शुरू हुआ बिहार दिवस 2026, तीन दिवसीय भव्य आयोजन का आगाज़।

rktvnews

Leave a Comment