
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड )12 मई।उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में जिले में सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम के अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस संयुक्त प्रवर्तन अभियान में जिला परिवहन विभाग, मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) तथा संबंधित थाना पुलिस की सक्रिय सहभागिता रही। अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के संचालित 16 टोटो वाहनों को पकड़ा गया। मोटर वाहन अधिनियम के तहत इन सभी वाहनों पर कुल 80,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बिना लाइसेंस वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक चालक का प्रशिक्षित एवं लाइसेंसधारी होना अनिवार्य है। सघन जांच के क्रम में मुफस्सिल थाना क्षेत्र में 2 पिकअप वैन एवं 3 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। वहीं पचंबा थाना क्षेत्र में 4 पिकअप वैन तथा 1 एम्बुलेंस को भी विभिन्न अनियमितताओं के कारण सीज किया गया। जांच के दौरान वाहनों के कागजात, फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जिन वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई अथवा नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस विशेष प्रवर्तन अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटर वाहन निरीक्षक स्वयं उपस्थित रहे तथा अभियान की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
