
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 7 अगस्त। गंगा के जलस्तर में तेजी से हो रही वृद्धि का जायजा लेने हेतू भोजपुर जिले के जगदीशपुर अनुमंडल के एसडीओ संजीत कुमार और एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह अन्य पदाधिकारियों के साथ शाहपुर प्रखंड अंतर्गत दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव स्थित जवइनिया घाट पहुँचे।
अधिकारियों ने गंगा के जल स्तर में तेजी से हो रही वृद्धि और कटाव स्थल का निरीक्षण किया। वस्तु स्थिति का आकलन और निरीक्षण करने के बाद एसडीओ संजीत कुमार ने आवश्यक दिशा निर्देश दिया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को आपदा की स्थिति में सभी प्रकार का राहत और सुविधा देने का आश्वासन दिया।
एसडीओ संजीत कुमार ने कहा कि संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी पदाधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड में हैं और बाढ़ से निपटने के लिए हर संभव प्रयास किया जायेगा। किसी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
वहीं एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह ने कहा कि बाढ़ और आपदा की स्थिति में पुलिस प्रशासन विधि व्यवस्था से लेकर हर संभव सहायता करने को तैयार है। बहोरनपुर थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह ने उपस्थित लोगों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस अवसर पर एसडीओ संजीत कुमार, एसडीपीओ राजीव चंद्र सिंह, शाहपुर के बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, बहोरनपुर थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह, बाढ नियंत्रण विभाग के पदाधिकारी, मुखिया प्रतिनिधि सुभाष बिन्द सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। 

