RK TV News
खबरें
Breaking Newsसाहित्य

पटना:बाबूलाल मधुकर के निधन से मगही साहित्य के एक देदीप्यमान नक्षत्र का अवसान : डा अनिल सुलभ

साहित्य सम्मेलन में आयोजित हुई शोक-सभा, इस वर्ष से उनके नाम से आरंभ होगा स्मृति-सम्मान।

RKTV NEWS/पटना(बिहार) 15 जुलाई । मगही और हिन्दी के यशस्वी कवि और बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य बाबूलाल मधुकर के निधन से साहित्य-जगत में शोक व्याप्त है। उनके निधन पर, सोमवार की संध्या, बिहार हिन्दी साहित्य सम्मेलन में शोक-सभा आयोजित हुई, जिसमें साहित्यकारों ने उनके साहित्यिक अवदानों को स्मरण करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक-सभा की अध्यक्षता करते हुए, सम्मेलन के अध्यक्ष डा अनिल सुलभ ने कहा कि अपनी विपुल रचनात्मक कृतियों और अवदानों से मधुकर जी ने मगही साहित्य को समृद्ध किया। एक कवि, कथाकार और नाटककार के रूप में उन्होंने पर्याप्त ख्याति अर्जित की। “रमरतिया” नामक उनके प्रथम उपन्यास ने ही, उन्हें मगही साहित्य में स्थापित कर दिया। उसे मगही का प्रथम आंचलिक उपन्यास भी माना जाता है। उन्होंने “मगही मेघदूत”, “रुक्मिणी के पाती” और ‘विदुषी मंदोदरी’ नाम से प्रबंध-काव्य भी लिखे। इनके अतिरिक्त ‘अंगुरी के दाग’ (मगही काव्य-संग्रह, ‘मक्खलि गोसाल’ (मगही खण्ड काव्य), ‘कान्हा तुम्हें द्रौपदियां पुकारें’, ‘नंदलाल की औपन्यासिक जीवनी’ (आत्मकथा केंद्रित), ‘नायक भोर’ (नाटक) और हिन्दी उपन्यास ‘फ़ातिमा दीदी’ आदि उनकी कृतियाँ साहित्य की धरोहर हैं।
डा सुलभ ने कहा कि मधुकर जी से उनके चार दशकों के आत्मीय और प्रगाढ़ संबंध रहे। उनके चर्चित खण्ड-काव्य “मगही मेघदूत” की भूमिका लिखते हुए, उनके अन्य सूक्ष्म अवदानों को भी समझने का अवसर मिला। मधुकर जी का संपूर्ण जीवन पीड़ा और पीड़ा पर विजय पाने की तपो साधना की रोचक गाथा है, जिसे उनके साहित्य में समझा जा सकता है। साहित्य सम्मेलन से भी उनका गहरा संबंध था। वे सम्मेलन के उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। सम्मेलन ने उन्हें विविध अलंकरणों से सम्मानित भी किया। लोक नायक जय प्रकाश के आंदोलन में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही।आंदोलन के दौरान नुक्कड़ों पर हो रहे कवि-सम्मेलनों के भी वे अग्र-पाँक्तेय कवि थे। उनके निधन से साहित्य जगत को भारी क्षति पहुँची है। डा सुलभ ने घोषणा की कि इस वर्ष से उनके नाम से स्मृति-सम्मान आरंभ किया जाएगा, जो किसी साहित्यकार को मगही में किए गए मूल्यवान साहित्यिक अवदान के लिए दिया जाएगा।
वरिष्ठ कवयित्री विभा रानी श्रीवास्तव, डा अर्चना त्रिपाठी, कुमार अनुपम, प्रो सुशील कुमार झा, श्रीकांत व्यास, पत्रकार हृदय नारायण झा,कौशलेन्द्र पाण्डेय, कृष्ण रंजन सिंह, नन्दन कुमार मीत, भगवती प्रसाद द्विवेदी, डा एम के मधु, डा शशि भूषण सिंह आदि ने भी अपने शोकोदगार व्यक्त किए । सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत-आत्मा की शांति और सद्गति के लिए प्रार्थना की गयी।
स्मरणीय है कि रविवार की संध्या साढ़े चार बजे पटना के एक निजी अस्पताल में 83वर्ष की आयु में, मधुकर जी ने अपनी अंतिम साँस ली। वे प्रोस्टेट की समस्या से पीड़ित थे। उनका अग्नि-संस्कार सोमवार की संध्या, उनके पैतृक ग्राम, नालन्दा के इस्लामपुर प्रखण्ड स्थित ढेकवाहा में किया गया। मुखाग्नि उनके एक मात्र पुत्र अतुकान्त मधुकर ने दी।

Related posts

बागपत:जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अनूठी पहल: महाशिवरात्रि मेले में सेवा देने वाले 130 सफाईकर्मियों के सम्मान में हुआ विशेष भोज।

rktvnews

वैशाली: घुड़दौड़ प्रतियोगिता द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान : जिला पदाधिकारी ने विजेताओं को किया पुरस्कृत।

rktvnews

पटना:आधुनिक अग्नि सुरक्षा की दिशा में सशक्त कदम: बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की पहल पर फायर इंजीनियरिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ

rktvnews

भोजपुर:मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान चिन्हित योजनाओं की मिली स्वीकृति को ले जिलाधिकारी ने की प्रेस वार्ता।

rktvnews

देवघर:महाशिवरात्रि को लेकर अहले सुबह से श्रद्धालु कर रहे बाबा बैद्यनाथ का जलार्पण।

rktvnews

केन्‍द्रीय मंत्री डॉ. जितेन्‍द्र सिंह ने उधमपुर जिला प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की”।

rktvnews

Leave a Comment