
RKTV NEWS/नारनौल(हरियाणा )21 जून।‘स्वयं और समाज के लिए योग’ की थीम को लेकर शुक्रवार को 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला महेंद्रगढ़ उस समय योगमय नजर आया जब हजारों नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास किया। आयुष विभाग तथा हरियाणा योग आयोग व जिला प्रशासन के सहयोग से स्थानीय आईटीआई में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस मौके पर उपायुक्त मोनिका गुप्ता भी मौजूद रही। इस मौके पर आईटीआई में बड़ी स्क्रीन के जरिए पीएम व सीएम का लाइव संदेश दिखाया गया। इस मौके पर नशा मुक्ति व पर्यावरण को लेकर भी एक स्टॉल लगाया गया। वहीं स्वयं सहायता समूह की ओर से भी एक स्टॉल लगाया गया। योग स्थल पर सैल्फी प्वाइंट पर नागरिक सेल्फी लेते नजर आए।
इस कार्यक्रम में स्कूल, कॉलेज, गुरुकुल, विश्वविद्यालय, जनसाधारण, योग संस्थान, पुलिस, एनसीसी कैडेट, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट और गाइड हिस्सा लिया।
इस अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि योग एकता और सद्भाव की एक शाश्वत पद्धति का उत्सव है। उन्होंने कहा कि योग ने सांस्कृतिक और भौगोलिक सीमाओं को पार कर लिया है और इसने समग्र कल्याण की तलाश में विश्व के लाखों लोगों को एकजुट किया है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को दुनिया में मान्यता मिली और इसे बड़े स्तर पर मनाया जाने लगा। वही हरियाणा सरकार ने भी योग आयोग का गठन करके योग को प्राथमिकता दी है। हमारी प्राचीन संस्कृति व सभ्यता को दुनिया ने समझा है। यह हर देशवासी के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन योग करें। योग मन को स्थिर व शरीर को स्वस्थ रखता है। सरकार की नीति है कि हर गांव में योगशाला हो व हर गांव में योग शिक्षक हो ताकि हर व्यक्ति योग करके अपने शरीर को स्वस्थ रख सके। इसी को ध्यान में रखते हुए आज 6 व्यायाम शालाओं का शिलान्यास किया।
इस मौके पर योग प्रशिक्षक बजरंग जांगिड़, योग सहायक अरुण ढिल्लों तथा हरियाणा योग एवं खेल एसोसिएशन से रीना वर्मा ने कॉमन प्रोटोकॉल के तहत योग प्रदर्शन किया। इस मौके पर छात्राओं ने कठिन योग अभ्यास करके सभी को चकित कर दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी, डीडीपीओ हरि प्रकाश बंसल, जिला आयुर्वेद अधिकारी डा अजीत यादव व डा सतीश कुमार मौजूद थे।

पूर्व मंत्री ने आईटीआई से किया 6 पार्क-कम-व्यायामशालाओं का शिलान्यास
पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव ने आज आईटीआई में आयोजित जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद जिला के 6 गांवों के चार एकड़ में बनने वाले पार्क कम व्यायामशालाओं का शिलान्यास किया।
नारनौल खंड के गांव ताजीपुर, सतनाली खंड के गांव नाॅवा, नांगल चौधरी खंड के गांव सैदअलीपुर व दताल, निजामपुर खंड के गांव दंचोली व इस्लामपुर गांव में पार्क कम व्यायामशाला बनेंगी। प्रत्येक गांव में चार एकड़ में यह व्यायामशालाएं बनेगी।
