RK TV News
खबरें
Breaking Newsअभिव्यक्तिराजनीति

भोजपुर : वीर कुंवर सिंह की धरती पर किसको मिलेगा ताज और कौन होगा बेताज।

आरा/भोजपुर(राकेश मंगल सिन्हा) 31 मई। आरा लोक सभा क्षेत्र गंगा और सोन नदी से गिरा हुआ है। इसके पूरब में सोन नदी है तो उत्तर में पावन गंगा नदी। सोन और गंगा का पवित्र संगम स्थल भी इसी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। आरा लोक सभा क्षेत्र बिहार के उन लोकसभा क्षेत्रों में शामिल है जिनके अंतर्गत सात विधान सभा क्षेत्र आते हैं। इनमें आरा विधान सभा क्षेत्र, बड़हरा विधान सभा क्षेत्र, शाहपुर विधान सभा क्षेत्र, जगदीशपुर विधान सभा क्षेत्र, संदेश विधान सभा क्षेत्र, अगियाॅव विधान सभा क्षेत्र और तरारी विधान सभा क्षेत्र शामिल हैं। आरा लोक सभा क्षेत्र 1977 में अस्तित्व में आया। आरा लोक सभा क्षेत्र में एनडीए और इंडिया गठबंधन के बीच आमने-सामने की लड़ाई है। एनडीए से केंद्रीय मंत्री तथा सांसद आरके सिंह तो वहीं इंडिया गठबंधन की तरफ से भाकपा(माले) के सुदामा प्रसाद चुनावी रण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वर्ष 2014 के लोक सभा चुनाव में भाजपा के आरके सिंह ने राजद के श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को हराकर चुनावी बाजी जीती थी। आरके सिंह को कुल 3.91 लाख मत मिले तो वहीं श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को 2.55 लाख मतों से ही संतोष करना पड़ा था। दुबारा वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव में भाजपा के आरके सिंह 5.66 लाख मत पाकर विजयी घोषित हुए जबकि भाकपा(माले) के राजू यादव को 4.19 लाख मत प्राप्त हुए थे। वर्ष 2014 और 2019 के लोक सभा चुनाव में आरा लोक सभा क्षेत्र की जनता ने 1975 बैच के आइएएस अधिकारी और देश के गृह सचिव रह चुके राजकुमार सिंह (आर के सिंह) को सर आंखों पर बिठाया था। अब देखना है कि वर्ष 2024 में आरा लोक सभा क्षेत्र की जनता आरके सिंह को जीत का हैट्रिक लगवाती है या तरारी विधान सभा क्षेत्र के विधायक एवं इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार सुदामा प्रसाद को ताज पहनाती है। सुदामा प्रसाद तरारी विधान सभा क्षेत्र से भाकपा(माले) के विधायक हैं। उन्होंने वर्ष 2015 में पहली बार तरारी सीट पर जीत हासिल की थी। वर्ष 2020 के विधान सभा चुनाव में भी वे दुबारा निर्वाचित घोषित हुए। बहरहाल किसके सिर पर होगा ताज और कौन होगा बेताज, यह तो 4 जून को ही पता चलेगा।
केंद्रीय मंत्री आरके सिंह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और देश को विकसित राष्ट्र बनाने की बात करते हैं। कोईलवर में सोन नदी पर सिक्स लेन पुल, पटना-बक्सर फोरलेन, आरा स्टेशन का पुनरुद्धार सहित विकास के अनेकों कार्य को गिनाते हैं। वहीं इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी एवं तरारी विधान सभा क्षेत्र से भाकपा(माले) के विधायक सुदामा प्रसाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान बढी बेतहाशा महंगाई, बेरोजगारी, लॉकडाउन और नोटबंदी से देश की खराब हुई आर्थिक स्थिति की तरफ लोगों का ध्यान आकृष्ट कर रहे हैं। वे चुनावी बांड में सत्ताधारी दल भाजपा द्वारा की गई धांधली एवं लूट के साथ-साथ देश के भ्रष्ट नेताओं को भाजपा में मिलाकर उन्हें पाक साफ बनाने का आरोप नरेंद्र मोदी सरकार पर लगा रहे हैं। शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के लोगों में आरा-बक्सर फोरलेन पर बिहिया चौरास्ता, बिलौटी, शाहपुर और कुंडेश्वर में अंडर पास नहीं देने से नाराजगी दिख रही है। इन जगहों पर आये दिन सड़क दुर्घटना में लोगों की असमय मौत हो रही है। इसकी शिकायत भी लोगों ने केंद्रीय मंत्री तथा स्थानीय सांसद आर के सिंह से की थी। शाहपुर-बनाही सड़क पर फोरलेन पर अंडरपास तो बना है लेकिन यहाँ पर फोरलेन पर चढ़ने के लिए सड़क नहीं बनी है। यही स्थिति आरा के पास रतनपुर गांव की है। रतनपुर गांव के उत्तर से फोरलेन गया है जहां अंडरपास तो बना हुआ है लेकिन फोरलेन पर चढ़ने के लिए सड़क नहीं बन सका है। यहाँ पर फोरलेन पर चढ़ने के लिए मिट्टी तो भरा गया है परंतु उसको व्यवस्थित करके सड़क का कालीकरण नहीं किया गया है। बनाही स्टेशन पर पहले उद्यान-आभा तूफान एक्सप्रेस, हावङा-अमृतसर बनारस एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस जैसी गाड़ियाॅ रुकती थीं। परंतु लॉकडाउन के बाद से इन गाड़ियों का ठहराव बंद कर दिया गया। लोगों ने बनाही स्टेशन पर इन गाड़ियों को पुनः रुकवाने की मांग स्थानीय सांसद तथा केंद्रीय मंत्री आरके सिंह से की थी। लॉकडाउन के बाद से पटना जाने और आने वाले पैसेंजर ट्रेनों का भाड़ा बढ़ाकर एक्सप्रेस ट्रेन के बराबर कर दिया गया है। इसकी भी नाराजगी लोगों में है।
चुनाव में जातिगत समीकरण भी अपना रोल अदा कर रहा है। एनडीए की तरफ से भाजपा और इंडिया गठबंधन की तरफ से भाकपा(माले) से जुड़े जातीय समीकरण अपने-अपने दलों के अनुसार सेट हो चुके हैं। अब फ्लोटिंग वोट पर ही दोनों प्रत्याशियों में से किसी एक प्रत्याशी के भाग्य का फैसला होगा। फ्लोटिंग वोट ही निर्णायक वोट साबित होंगे।
आरा लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र 2024 मे कुल 14 प्रत्याशी चुनावी रण में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। पर लड़ाई मुख्यतः एनडीए गठबंधन के भाजपा के आर के सिंह और इंडिया गठबंधन के भाकपा(माले) के सुदामा प्रसाद बीच ही है। केंद्रीय मंत्री तथा स्थानीय सांसद आरके सिंह और सुदामा प्रसाद अपनी-अपनी जीत के लिए एड़ी चोटी एक किए हुए हैं। अब देखना है कि ऊॅट किस करवट बैठता है।

Related posts

सैकड़ो की संख्या में महिलाओं और युवकों ने किया शाहपुर थाने का घेराव।

rktvnews

राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टर मीट: चित्तौड़गढ़:जिला कलक्टर की सीए – सीएस के साथ बैठक आयोजित।

rktvnews

नवादा: डीएम ने किया शुगर मिल का निरीक्षण।

rktvnews

रांची:पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद स्मृति – शेष दिशाेम गुरु शिबू सोरेन को टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

rktvnews

भोजपुर:सीता की खोज में निकले राम,शबरी के जूठे बेर खाकर प्रसन्न हुए दोनों भाई।

rktvnews

अभियुक्त व शराबी गिरफ्तार, गये जेल।

rktvnews

Leave a Comment