सामाजिक न्याय लागू करने और संविधान बचाने का है यह चुनाव : मुकेश सहनी
मोदी राज महिलाओं के लिए आफतकाल साबित हुआ – मीना तिवारी
RKTVNEWS/आरा(भोजपुर)30 मई।‘हमलोग लोकतंत्र, संविधान, भाईचारा बचाने और बेरोजगारी मिटाने आये है,’ – बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आरा लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के भाकपा(माले) प्रत्याशी सुदामा प्रसाद के पक्ष में आज बभनगंवा बड़हरा) के संत रामेश्वर दास खेल मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह कहा।
आखिरी चरण की आठ सीटों पर होनेवाले चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन वीआइपी प्रमुख मुकेश सहनी के साथ बभनगंवा पहुंचे तेजस्वी यादव ने कहा कि अभी तक उन्होंने लगभग 250 से अधिक सभाये की है और प्रधानमंत्री को गली-गली घूमने को मजबूर कर दिया है।
उन्होंने कहा की 17 महीने की उनकी गठबंधन सरकार ने 5 लाख नौजवानों को रोजगार दिया। उन्होंने यह वादा किया कि इंडिया गठबंधन की सरकार आते ही सबसे पहले 30 लाख नौजवानों को रोजगार दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि आमलोगों को मोदी शासन के 10 सालों में कुछ नहीं मिला है। उन्होंने लोगों से इंडिया गठबंधन को वोट देने और आरा से सुदामा प्रसाद और अगिआंव विधानसभा उपचुनाव से शिवप्रकाश रंजन को जिताने की अपील की।
वीआइपी सुप्रीमो मुकेश सहनी ने सभा संबोधित करते हुए कहा कि यह संविधान का ही देन है कि गरीब मल्लाह का बेटा मुकेश सहनी आपके सामने खड़ा होकर भाषण दे रहा है। प्रधानमंत्री मोदी संविधान को खत्म करना चाहते हैं जिससे हमारे सभी अधिकार खत्म हो जाएंगे।
उन्होंने तीन तारा वाला झंडा चुनाव चिन्ह पर बटन दबा कर आरा और अगिआंव के इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि वे जब सदन में जायेंगे तो जनता की आवाज और सामाजिक न्याय की पताका को बुलंद करेंगे।
सभा को संबोधित करते हुए ऐपवा महासचिव मीना तिवारी ने कहा कि जदयू और भाजपा जिस विकास का ढिंढोरा पीटती है, वह विकास सिर्फ पूंजीपतियों का है, अडानी और अंबानी जैसों की निजी संपत्ति का विकास है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दस साल देश की महिलाओं के लिए आफत के काल साबित हुए हैं। इस दौरान उनको असहनीय तकलीफें उठानी पड़ी और बर्बर हिंसा और यौन उत्पीड़न झेलना पड़ा।
उन्होंने कहा कि हर गरीब के खाते में 15 लाख रुपया डालने के बाद वे लखपतिया दीदी का जो जुमला लेकर आये हैं वह नाकाम रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और उनके मंत्री जिन बाबाओं के पैर छूते रहे वे महिलाओं के साथ अत्याचार के मामलों में जेल में बंद हैं। वे कर्नाटक में जिस प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करने गए वह 300 से भी अधिक महिलाओं के साथ बर्बर यौन हिंसाके आरोप में जेल में है।
उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह सेंगर और ब्रजभूषण शरण जैसे कई भाजपा सांसद-विधायक भाजपा के ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के नारे की धज्जियां उड़ाते रहे हैं। प्रधानमंत्री के पास विदेश जाने और चुनाव प्रचार के लिए काफी समय था, लेकिन बर्बर हिंसा का शिकार हुई मणिपुरी महिलाओं से मिलने का समय नहीं था।
सभा को संबोधित करते हुए आरा संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी सुदामा प्रसाद ने कहा कि जन सवालों पर संघर्ष ही उनकी पहचान है और वे लोगों के भरोसे पर खरा उतरते आए हैं। अपील है की आप हमारा साथ दें।
सभा की अध्यक्षता भाकपा(माले) जिला सचिव जवाहरलाल सिंह और संचालन राजद जिलाडब्य्क्ष बीरबल यादव ने की।
सभा को शाहपुर विधायक राहुल तिवारी, जगदीशपुर विधायक रामविशुन सिंह उर्फ लोहिया,पूर्व विधायक सरोज यादव व अनवर आलम, खेग्रामस नेता राजेश साहनी, रामबाबू पासवान, जिला पार्षद भीम यादव, विनोद चन्द्रवंशी, शेलेन्द्र पासवान, ऐपवा नेत्री संगीता सिंह, इंसाफ मंच के नेता क्यमुद्दीन अंसारी, अमित कुमार गुप्ता आदि भाकपा(माले) और राजद नेताओं ने भी संबोधित किया।
इस सभा में सँदेश के पूर्व विधायक बिजेंद्र यादव ने राजद में शामिल होने का ऐलान किया। इस मौके पर सन्देश के पूर्व विधायक और उनके भाई अरुण यादव भी मौजूद रहे।
