RKTVNEWS/आरा (भोजपुर) 27 मई। 26 मई को जनहित परिवार भोजपुर के शीतल टोला स्थित कार्यालय में वरीय साहित्यकार जगत् नंदन सहाय की चर्चित कहानियों का संकलन ‘स्वर्ण धूलि का नि:शेष’ का लोकार्पण स्थानीय साहित्यकारों में सामूहिक रूप से किया। जनहित परिवार रजत जयंती प्रकाशन श्रृंखला के अंतर्गत तीसरी पुस्तक में जगत नंदन सहाय की चर्चित नौ कहानियों का संकलन है। दिवंगत शिक्षक ओमप्रकाश मिश्र को समर्पित इस पुस्तक पर चर्चा करते हुए संकलनकर्ता अतुल प्रकाश ने कहा कि 20वीं सदी के समापन और 21वीं सदी के प्रारंभ के समय में रची हुई आधुनिक बोध करती इन कहानियों में सामाजिक परिवर्तन के स्वर मिलते हैं। इनकी कहानीयां आम हैं, सहज हैं, आम बोलचाल की भाषा में हैं। ये कहानियां ज्ञान की बखान नहीं करती किंतु खरा-खरी बात कहने से भी नहीं हिचकतीं हैं। इस पुस्तक पर अपने अपने विचार प्रकट करने वालों में डॉ रेणू मिश्रा, डॉ किरण कुमारी, राधा पाठक, नंदकिशोर सिंह कमल, अनिल राज, जय नारायण पांडे, मनमोहन ओझा, राजेश कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे, विशाल कुमार, बृजमोहन त्रिपाठी, अजय कुमार गुप्ता अज्ञानी, चंद्रशेखर मिश्र, शरद सिंह आदि प्रमुख थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगत् नंदन सहाय एवं मंच का संचालन अतुल प्रकाश ने किया तथा आगत अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापन नंदकिशोर सिंह कमल ने किया।
