पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 23 अप्रैल। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा ज्यादा बच्चा पैदा करने वाले बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि आदरणीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमारे अभिभावक हैं और पिता के तुल्य हैं। हम उनके बेटा की तरह खड़े रहे हैं और उन्होंने इस बात को कहा भी है कि ये मेरा बेटा है। उनके प्रति हमेशा ही मेरे मन में सम्मान था,रहा है और रहेगा। उनसे बातें बुलवाई जा रही हैं। जो लोग उनके इर्दगिर्द उनको घेरे हुए हैं और उनसे बातें बोलवा रहे हैं उनको शायद पता नहीं है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं 5 भाई-बहन हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 भाई-बहन हैं। उन्होंने देश के नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों के भाई एवं बहनों की एक लंबी फेहरिस्त गिनाई। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस 14 भाई-बहन थे। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर 14 भाई-बहन थे और वे अपने माता-पिता की अंतिम संतान थे। राष्ट्रगान लिखने वाले रविंद्र नाथ टैगोर 7 भाई-बहन थे। प्रखर विद्वान और भारत रत्न से सम्मानित पूर्व राष्ट्रपति बीवी गिरी के 14 बच्चे थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 7 भाई-बहन थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता दामोदर दास जी 7 भाई-बहन थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चाचा नरसिंह दास जी के 8 बच्चे हैं। गृह मंत्री अमित शाह 7 भाई-बहन हैं और 6 बहनों के बाद वे सातवें नंबर हैं। पटना साहिब के सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद 7 भाई-बहन हैं। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव 10 भाई-बहन हैं। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के 6 बच्चे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के 8 बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि मुद्दों की बात होनी चाहिए। बिहार की तरक्की और विकास की बात होनी चाहिए। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। विशेष पैकेज का क्या हुआ उन्होंने पूछा कि डबल इंजन की सरकार में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिलेगा तो कब मिलेगा और विशेष पैकेज का क्या हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री से नफरत की राजनीति छोड़कर मुद्दों और विकास की बात करने की अपील की।

