RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार) 06 मार्च। जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में ब्रह्मपुर शिवमंदिर पर महाशिवरात्रि की तैयारियों का निरीक्षण एवं महाशिवरात्रि में ब्रह्मपुर शिवमंदिर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई।
प्रतिनियुक्त किये गये को-ऑडिनेटर, दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को यह व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी कि वे अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था एवं साम्प्रदायिक सदभाव को बनाये रखने में तत्परता बरतेंगे तथा एक दूसरे के साथ निकट सम्पर्क रहेंगे ताकि विधि व्यवस्था बनी रहें।
महाशिवरात्रि में विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर अवस्थित जिला आपदा शाखा में चिन्हित भवन में कार्यरत होगा। जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष में संपूर्ण प्रभार में श्री शशांक सिंह, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग बक्सर एवं सुश्री शशि सिंह, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी बक्सर रहेंगी।
महाशिवरात्रि में विधि व्यवस्था संधारण हेतु 98 स्टैटिक को-ऑडिनेटर, पुलिस पदाधिकारी, 18 सेक्टर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं 02 जोनल दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे।
