RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार)05 मार्च।जिला पदाधिकारी बक्सर अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के लाभार्थियों को संपूर्ण रूप से स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने हेतु निर्गत किये जा रहे आयुष्मान कार्ड की समीक्षा समाहरणालय परिसर अवस्थित कार्यालय कक्ष में की गई।
दिनांक 2 मार्च 2024 से जिलें में कार्ड बनाने का लक्ष्य राज्य की तरफ से 5938 प्रतिदिन दिया गया है। जिसमें बक्सर जिलें में दिनांक 2 मार्च 2024 को 17000, दिनांक 3 मार्च 2024 को 27000, दिनांक 4 मार्च 2024 को 30000 से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। इसमें और गति लाने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी को निर्देश दिया गया। विदित हो कि जिले में आयुष्मान कार्ड लाभुकों की कुल संख्या 1187650 है।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि इस कार्य में संलग्न ऑपरेटर को संख्या अपेक्षाकृत कम है। जिसे बढ़ाने हेतु निर्देशित किया गया।
सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी, आपूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि समन्वय स्थापित कर आयुष्मान कार्ड बनाये जाने का स्थल चयनित करेंगे ताकि जन वितरण प्रणाली दुकानदार तथा जनप्रतिनिधिगण लोगों को मोबलाईज्ड कर सकें। साथ निर्देश दिया गया कि ऑपरेटरों को वैसे स्थल पर प्रतिनियुक्त किया जाए जहाँ कार्ड बनने की पूर्व से जानकारी हो तथा ज्यादा से ज्यादा लोगों की उपस्थित संभव हो।
सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयुष्मान कार्ड बनाये जाने के संबंध में पर्याप्त प्रचार-प्रसार भी करायें एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करेंगे। कार्ड बनाये जाने में लापरवाही बरतने वाले ऑपरेटरों एवं अन्य के विरूद्ध आवश्यक कार्रवाई किये जाने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त बक्सर, सिविल सर्जन बक्सर, जिला पंचायत राज पदाधिकारी बक्सर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
