आरा/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 25 जनवरी। 25 जनवरी 2024 को 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस, 2024 के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन भोजपुर समाहरणालय के सभागार में किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, भोजपुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, भोजपुर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, भोजपुर को पौधा देकर स्वागत किया। उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए एवं अन्य पदाधिकारी को भी पौधा देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2024 के अवसर पर उप विकास आयुक्त भोजपुर ने अपने संबोधन में निर्वाचन एवं मतदान की महत्ता के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी तथा आगामी लोक सभा आम निर्वाचन, 2024 में मतदान करने के लिए मतदाताओं से अनुरोध किया।
मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी राजकुमार ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, 2024 के अंतर्गत अर्हता प्राप्त 66320 नये निर्वाचकों को निर्वाचक सूची में पंजीकृत किया गया है। 18827 युवा निर्वाचकों का नाम पंजीकृत किया गया है जो लोकसभा आम निर्वाचन 2024 मे पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचक सूची में मृत, दोहरी प्रविष्टि तथा स्थाई रूप से स्थानांतरित कुल 38002 निर्वाचकों का नाम निर्वाचक सूची से विलोपित किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी राज कुमार ने मजबूत लोकतंत्र हेतू आगामी लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में सभी मतदाताओं से निश्चित रूप से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि अपने जनप्रतिनिधि के चयन में अपना बहुमूल्य मत का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2020 में बिहार में कुल 57.34% मतदान हुआ था जिसमें भोजपुर जिला में 51.85 प्रतिशत मतदान हुआ था। आगामी लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 में बिहार में मतदान प्रतिशत का लक्ष्य 68.21 प्रतिशत रखा गया है। भोजपुर जिला में मतदान के प्रतिशत में वृद्धि हेतू मतदाताओं को स्वीप गतिविधि के अंतर्गत जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आगामी लोक सभा आम निर्वाचन, 2024 मे 32 – आरा लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने हेतू अपने स्तर से अपेक्षित सहयोग करने की अपील की।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी भोजपुर राज कुमार द्वारा उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के कर्मियों को शपथ दिलाया गया।
कार्यक्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2024 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, डाटा इंट्री ऑपरेटरों तथा बीएलओ को सम्मानित किया गया।
197 जगदीशपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में अनुमंडल पदाधिकारी, जगदीशपुर संजीत कुमार को BEST ERO से सम्मानित किया गया। 192 – संदेश विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी उदवंतनगर अरुण सिंह, 193- बङहरा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी बड़हरा मोहित भारद्वाज, 194- आरा विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी आरा सदर सोनू कुमार, 195 – अगियाओं विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी गढ़हनी वीरेंद्र कुमार, 196- तरारी विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी तरारी अशोक कुमार जिज्ञासु, 197- जगदीशपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी जगदीशपुर राजेश कुमार और 198- शाहपुर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत प्रखंड विकास पदाधिकारी शाहपुर राकेश कुमार को BEST AERO से सम्मानित किया गया। इसके अलावा डाटा इंट्री ऑपरेटर और बीएलओ को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नये पंजीकृत युवा मतदाताओं को ईपिक देकर सम्मानित किया गया। अपर समाहर्ता, भोजपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन जिला के सभी मतदान केन्द्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालयों में भी किया गया।

previous post
