RK TV News
खबरें
Breaking NewsOther

भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव 2023 पर संवर्धनात्मक फिल्म और विवरणिका को ट्रांसलेशन स्वास्थ्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, फरीदाबाद में एक अनावरण कार्यक्रम के दौरान जारी किया गया।

फरीदाबाद/हरियाणा 08 जनवरी।भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2023 का अनावरण कार्यक्रम आज हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित किया गया। आईआईएसएफ के इस संस्करण का आयोजन संयुक्त रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद, जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी), अंतरिक्ष विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग, विज्ञान भारती और हरियाणा सरकार द्वारा किया जा रहा है। आईआईएसएफ-2023 का आयोजन 17 से 20 जनवरी 2024 तक जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) के ट्रांसलेशन स्वास्थ्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रांसलेशनल हेल्थ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इंस्टीट्यूट -टीएचएसटीआई) – के क्षेत्रीय जैव प्रौद्योगिकी केंद्र (आरसीबी) परिसर, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र विज्ञानं संकुल (एनसीआर बायोटेक साइंस क्लस्टर), फरीदाबाद में किया जाएगा।
इस महोत्सव का उद्देश्य भारत में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचारों के क्षेत्र में उपलब्धियों की एक विस्तृत श्रृंखला का उत्‍सव मनाते हुए उन्हें उजागर करना भी है। आईआईएसएफ 2023 का विषय “अमृत काल में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की सार्वजनिक पहुंच (आउटरीच)” है।
हरियाणा सरकार के उच्च शिक्षा एवं परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा इस उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे। विज्ञान भारती के राष्ट्रीय आयोजन सचिव डॉ. शिव कुमार शर्मा और विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की संयुक्त सचिव सुश्री धनलक्ष्मी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं।
मूलचंद शर्मा ने आगामी आईआईएसएफ 2023 के आयोजन स्थल के रूप में फरीदाबाद को चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से बड़ी संख्या में फरीदाबाद और हरियाणा के अन्य जिलों के स्कूली बच्चों को लाभ होगा। श्री शर्मा ने आईआईएसएफ 2023 के आयोजकों को आयोजन स्थल को विकसित करने में किए गए जबरदस्त कार्य के लिए बधाई दी और आईआईएसएफ 2023 को एक शानदार सफलता बनाने में सरकार की ओर से हरसंभव समर्थन देने के लिए आश्वस्त किया।
सुश्री धनलक्ष्मी ने अपने संबोधन में बताया कि इस स्थल का चयन किस प्रकार किया गया और आईआईएसएफ 2023 के लिए स्थल को तैयार करने की प्रगति कैसे हुई। उन्होंने भारत अंतर्राष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2023 के लिए स्थल के निर्माण में हुई गति और प्रगति की सराहना की।
अपने संबोधन में डॉ. शिव कुमार शर्मा ने विज्ञान भारती की यात्रा और विज्ञान को जनता के और निकट लाने के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों और कार्यों को साझा किया।
राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्थान (नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन – एनआईएफ) के निदेशक डॉ. अरविंद सी रानाडे ने आईआईएसएफ 2023 के दौरान होने वाली गतिविधियों की झलकियाँ साझा कीं।
कार्यक्रम के दौरान, गणमान्य व्यक्तियों द्वारा आईआईएसएफ 2023 संवर्धनात्मक (प्रोमो) फिल्म और विवरणिका (ब्रोशर) जारी की गई।
डॉ. जयंत भट्टाचार्य, डीन और कार्यकारी निदेशक (अतिरिक्त प्रभार) ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया और आईआईएसएफ 2023 स्थल को विकसित करने में टीएचएसटीआई द्वारा किए गए कार्यों का एक छोटा वीडियो साझा किया। उन्होंने आईआईएसएफ 2023 के लिए उनके अटूट समर्थन और सलाह के लिए जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सचिवों को धन्यवाद दिया। डॉ. भट्टाचार्य ने रिकॉर्ड समय में आयोजन स्थल को विकसित करने में उनके समर्थन के लिए उपायुक्त (डीसी), फरीदाबाद और फरीदाबाद के सभी वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि आईआईएसएफ 2023 पूरे फरीदाबाद और हरियाणा के लिए एक अविस्मरणीय कार्यक्रम बन जाएगा। उन्होंने आईआईएसएफ 2023 को सफल बनाने की दिशा में अथक समर्थन और कड़ी मेहनत के लिए ट्रांस्लेश्नल स्वास्थ्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (टीएचएसटीआई) कर्मियों और राष्ट्रीय नवप्रवर्तन संस्थान (नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन – एनआईएफ) अधिकारियों को भी धन्यवाद दिया।

Related posts

भोपाल:सेवा भाव और वन्य जीव संरक्षण का प्रतीक है देश का पहला हाई-टेक वन्य जीव कैप्चर अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

किसी राष्ट्र की शक्ति उसके विचारों की मौलिकता, उसके मूल्यों की शाश्वतता में निहित होती है : उपराष्ट्रपति

rktvnews

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महात्मा गांधी और शास्त्री जी के जयंती दिवस पर अर्पित की श्रद्धांजलि।

rktvnews

समझिये धागों से बंधे ‘रक्षा बंधन’ के मायने।

rktvnews

उत्तराखंड:मुख्यमंत्री ने सचिवालय में सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिए निर्देश।

rktvnews

शहरी परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए कदम।

rktvnews

Leave a Comment