महादेव जीविका महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी बक्सर जिले की पार्वती देवी ने महज 5 दिनो में बिक्री किए 60 हजार मूल्य के देशी कंबल।
मेले के आकर्षण से खुद को रोक न पाए बिहार सरकार के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव मेले में पहुंच किया अवलोकन और महिलाओं को दिया संबल।
महिलाओं के प्रति लिंग हिंसा और भेद के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन।
पटना/बिहार 20 दिसंबर।देशी उत्पादों एवं व्यंजनों का क्रेज बिहार सरस मेला में देखते ही बन रहा है l सदियों पुराने गृह सज्जा की वस्तुएं , परिधान एवं व्यंजन की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री हो रही है l हमारे देश की लोक संस्कृति, परम्परा, लोक कला , लोक गीत , लोक नृत्य, संवाद और व्यंजन पुराने एवं देशी अंदाज में प्रदर्शित हैं l
बिहार समेत 22 राज्यों के ग्रामीण शिल्पकार पचास और साठ के दशक की लोक कलाएं, हस्तशिल्प , परम्परा, स्वाद , संवाद एवं व्यंजन लेकर उपस्थित हैं l बक्सर जिले से आई पार्वती देवी ने महज पांच दिनों में लगभग 60 हजार रुपये की देशी कम्बल की बिक्री की है l पार्वती देवी महादेव जीविका महिला स्वयं सहायता समूह से जुडी हैं l जीविका के संबल एवं सहयोग से पार्वती देवी कम्बल भेंड के बाल से चरखा से निर्मित उन से कंबल का निर्माण करती हैं।पिछले 5 साल से वो सरस मेला में देशी कम्बल को बिक्री के लिए लेकर आती हैं और उनके उत्पाद शुरू के 5 दिनों में ही बिक जाते है l देशी उन के उत्पाद इनके पास 1 सौ रूपया से लेकर 700 रूपया तक की कीमत के है l देशी अंदाज में चरखा एवं हाथ से बने उत्पादों की मांग सरस मेला में जबरदस्त है l कमोवेश सभी स्टाल पर देशी उत्पादों, शिल्प एवं व्यंजनों की मांग प्रतिदिन बढती जा रही है।
बिहार सरस मेला के प्रति आम से लेकर खास तक का आकर्षण है।प्रति दिन नामचीन लोग भी पधार रहे हैं और मेला का अवलोकन करते हुए खरीददारी भी कर रहे हैं। तेजप्रताप यादव, मंत्री, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन भी सरस मेला में पधारे। मंत्री ने मेला में लगे स्टॉल का परिभ्रमण किया और शिल्पकारों की हौसलाफजाई की।
बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति , जीविका के तत्वाधान में बिहार सरस मेला 15 से 29 दिसंबर 2023 तक गाँधी मैदान, पटना में सुबह 10 बजे से सायं 8 बजे तक आयोजित है। बिहार सरस मेला के पांचवे दिन दिन मंगलवार 19 दिसंबर को लगभग 90 लाख रुपये के उत्पादों एवं व्यंजनों की खरीद-बिक्री हुई l
5 दिनों में 3 करोड़ रुपये से ज्यादा के उत्पादों की खरीद-बिक्री हुई है l खरीद –बिक्री का आंकड़ा स्टॉल धारकों से लिए गए आंकड़ो पर आधारित होता है l ढाई लाख से ज्यादा लोग पधारे l
सरस मेला में विभिन्न स्टॉल पर सिल्क एवं कड़ी की साड़ियाँ, सूट, लहठी, चूड़ियां, खादी के परिधान , सीप,कास्यं, पीतल, पत्थर,घास एवं जुट आदि से बनी कलाकृतियाँ, टेराकोटा, लकड़ी से फर्नीचर, झूले, दरी-कालीन, चादर और बचपने के खिलौने आदि आगंतुकों को लुभा रहे हैं l
ओपन एरिया में गर्म कपड़ों के निर्माण की प्रकिया का जीवंत प्रदर्शन जारी है l
दीदियों द्वारा संचालित मधुग्राम से मध् एवं शिल्पग्राम उत्पादक कम्पनी के स्टॉल से बड़े पैमाने परिधानों एवं हस्तशिल्प की प्रदर्शनी एवं बिक्री हो रही है l
इसके साथ ही सेमिनार , सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन हेतु जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया l
सेमीनार हॉल में जीविका के सामाजिक विकास विधा द्वारा ग्राम समृद्धि उत्प्रेरक योजना पर कार्यशाला का आयोजन किया गया l इस कार्यशाला में गाँव में गरीबी उन्मूलन एवं खुशहाली के लिए जीविका द्वारा किये जा रहे कार्यों पर चर्चा हुई l साथ ही गरीबी उन्मूलन के लिए बने जा रही योजनाओं पर सभी जिलों से आये सामाजिक विकास प्रबंधकों को प्रशिक्षण दिया गया l बतौर प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह, परियोजना प्रबंधक, सामाजिक विकास ने प्रबंधकों को योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उत्प्रेरित किया l इस अवसर पर जीतेन्द्र तिवारी , युवा पेशेवर, सामाजिक विकास भी उपस्थित रहे l
बुधवार को विशेष तौर पर सामाजिक विकास विधा , जीविका द्वारा महिलाओं के प्रति लिंग हिंसा और भेद के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सरस मेला परिसर के मुख्य सांस्कृतिक मंच पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजना किया गया l इस कार्यक्रम के अंतर्गत स्मृति शरण, संयुक्त सचिव, ग्रामीण विकास विभाग , भारत सरकार ने सभी को शपथ दिलाया और मेला में लगे स्टॉल का परिभ्रमण किया l इससे पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत मुख्य मंच पर सुशीला श्रीकला के कलाकारों ने लोक गीत एवं गजल की प्रस्तुति की l लोक गायिका चैताली दास ने “दिन भर जहाँ रहिह हमार पिया” लोक गीत गाकर शमा बांधा वहीँ एवं गायक शक्ति पाठक ने गजल पेश किया l “वक्त का परिंदा रुका है कहाँ” एवं ‘मेरा ख़त पढ़कर हैरत है सबको” से वाहवाही लुटी l मंच संचालक श्री गुलाम रहे l इसके पूर्व महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वाधान में मंथन कला परिषद् के कलाकारों द्वारा नाटक बेटी बहादुर की प्रस्तुति की गई l नाटक के माध्यम से दहेज़ उन्मूलन अभियान के प्रति दर्शकों को जागरूक किया गया l कलाकारों में पूजा, अंजलि, रजनीकांत , रोहन, दीना नाथ, सज्जाद , अमन एवं प्रशांत आदि रहे l नाटक के निर्देशक प्रमोद कुमार रहे l तत्पश्चात जैक गिटार क्लासेस द्वारा पुराने फ़िल्मी गानों को आधुनिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से पेश किया गया l इसके बाद कला संस्कृति एवं युवा विभाग के तत्वाधान में लोक गीत एवं भजन का कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई l कलाकारों में रिंकी कुमारी और अमरनाथ ने अपने गायन से लोक गीतों एवं परम्पराओं की याद ताज़ा कराई l
विभिन्न विभागों एवं बैंकों के स्टॉल के माध्यम से आगंतुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
बच्चे फन जोन एवं पालना घर में खेलते हुए आनंदित हो रहे हैं l
जीविका दीदियों द्वारा संचालित ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से आगंतुकों एवं स्टॉल धारकों के लिए ग्राहक सेवा केंद्र की भी उपलब्धता है l
बिहार सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ ही सतत जीविकोपार्जन योजना के बिहार में सफल क्रियान्वयन की झलक दिखेगी । अत्यंत गरीब परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान की बानगी भी सतत जीविकोपार्जन योजना समेत लगभग सभी स्टॉल पर प्रदर्शित हो रही है।बाइस्कोप आकर्षण का खास केंद्र बना हुआ है l देश सेल्फी जोन पर सेल्फी लेना लोग नहीं भूल रहे हैं l
सरस मेला में स्वच्छता का खास ध्यान रखा गया है l
साथ ही मेला परिसर में सिंगल युज प्लास्टिक पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं l


महादेव जीविका महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी बक्सर जिले की पार्वती देवी ने महज 5 दिनो में बिक्री किए 60 हजार मूल्य के देशी कंबल।
मेले के आकर्षण से खुद को रोक न पाए बिहार सरकार के पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तेज प्रताप यादव मेले में पहुंच किया अवलोकन और महिलाओं को दिया संबल।
महिलाओं के प्रति लिंग हिंसा और भेद के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन।