
बक्सर/बिहार 11 अक्टूबर।वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति और बी आर ए बिहार विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी के विरुद्ध शिक्षा विभाग द्वारा दर्ज प्राथमिकी मामले की घोर निंदा की है और कहा है कि वीसी के ऊपर दर्ज केस वापस नहीं होने की स्थिति में सम्पूर्ण शाहाबाद में चक्का जाम होगा। डॉ. सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि लोकतंत्र के चारों स्तम्भ कार्यपालिका, विधायिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता की अपनी अपनी मर्यादाएं हैँ और सभी को अपनी सीमाओं में संतुलन बनाकर कार्य करना चाहिए। लेकिन शिक्षा विभाग द्वारा विश्वविद्यालय की स्वायतत्ता पर लगातार हमला किया जा रहा है जो लोकतान्त्रिक देश के लिए खतरे की घंटी है। डॉ. सिंह ने वर्तमान वीसी द्वारा सत्र को नियमित करने के लिए करीब 116 यू जी, पीजी और वोकेशनल कोर्स की लंबित परीक्षाएं लिए जाने के प्रयास की सराहना की है तथा साथ ही इनके कार्यकाल में वर्षों से लंबित अतिथि सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति भी पारदर्शिता के साथ की गई है। डॉ. सिंह ने छात्र – छात्राओं और महाविद्यालय तथा विश्वविद्यालय के हित में वर्तमान वीसी के उपर से दर्ज केस को तत्काल प्रभाव से हटाने की बात की अन्यथा पूरे शाहाबाद में चक्का जाम को लेकर आगे की रणनीति बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
