हनुमानगढ़/राजस्थान 2 अक्टूबर। गांधी जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाते हुए सोमवार को जिले भर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के अलावा सभी ब्लॉक पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी पार्क में आयोजित हुआ जिसमें गांधी भजनों के अलावा सर्वधर्म प्रार्थना सभा और गांधी जी के जीवन दर्शन पर व्याख्यान आयोजित किए गए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने गांधी जी को याद करते हुए उनके सिद्धातों को आज भी पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक बताया। इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें याद करते वक्ताओं ने कहा कि उनकी ईमानदारी के चलते देश को एक नई दिशा मिली।
एडीएम कपिल कुमार यादव ने गांधी जी को याद करते हुए कहा कि बच्चों ने जो गांधी भजन सुनाए। हमें उनकी मूल भावना को समझते हुए दूसरों की पीड़ा को समझने और उसे कम करने का कार्य करना चाहिए। उन्होने कहा कि सरकारी कार्यालयों में जो भी पीड़ित आता है उसकी तत्काल सुनवाई करते हुए जल्द से जल्द राहत दिलाने की मंशा होनी चाहिए। उन्होने कहा कि पूरे देश में राजस्थान पहला राज्य है जहां सत्य एवं अहिंसा विभाग का गठन किया गया है।
जिला अहिंसा प्रकोष्ठ के सहसंयोजक तरुण विजय ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को गांधीवादी बताते हुए कहा कि उन्होने पहली बार मुख्यमंत्री बनने पर अकाल के समय आदमी तो क्या पशुओं को भी भूखा नहीं रहने दिया। दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर निशुल्क दवा और तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू कर पीड़ित मानव सेवा को राहत पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। गांधी जी के कहे अनुसार सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बना रही है।
पूरे राजस्थान में आज जिला और ब्लाक पर गांधीजी के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जो युवा पीढ़ी को नई सोच, नई दिशा देंगे। उन्होंने गांधी जी के पूरे जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके चलाए विभिन्न आंदोलनों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के बल पर अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया। उन्होंने कहा कि भारत देश विभिन्न धर्मों का देश है। यहां सभी का मान सम्मान होना चाहिए। लेकिन आज कुछ लोग जाति धर्म के नाम पर देश को बांटना चाहते हैं जिससे युवा पीढ़ी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। राज्य सरकार ने ना केवल शांति एवं अहिंसा विभाग का गठन किया बल्कि 50 हजार से अधिक गांधी प्रेरकों कि नियुक्ति का रास्ता भी खोला है ।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत गांधी जी की मूर्ति पर पुष्पांजलि से हुई। अतिथियों ने गांधीजी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। तत्पश्चात महात्मा गांधी राजकीय माध्यमिक विद्यालय अंग्रेजी माध्यम की छात्राओं ने गांधी जी के प्रिय भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। सर्वधर्म प्रार्थना सभा ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने व सभी धर्मों के मान सम्मान की बात कही।
कार्यक्रम में जिला अहिंसा बोर्ड के सहसंयोजक तरूण विजय, डीईओ माध्यमिक हंसराज, महिला बाल विकास विभाग के उप निदेशक प्रवेश सोलंकी, पीएमओ डॉ. मुकेश कुमार, तहसीलदार हर्षिता मिड्ढा, सहित विभिन्न स्कूलों के स्टूडेंट्स, एनसीसी कैडैट्स, स्काउट गाइड के वॉलेंटियर्स और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
