हनुमानगढ़/राजस्थान 05 सितंबर। मंगलवार को जंक्शन स्थित सामुदायिक भवन में शिक्षक दिवस के उपलक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिला स्तर पर तीन शिक्षकों को तथा हनुमानगढ़ ब्लॉक स्तर पर दो शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सर्वप्रथम डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई डीईओ ने बताया कि भूतपूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण के जन्मदिन कि याद में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को सम्मानित होने वाले शिक्षकों से प्रेरणा लेने की बात कही। उपस्थित शिक्षकों ने बताया कि समाज के निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी हंसराज जाजेवाल ने बताया कि शिक्षक दिवस पर जिले के सर्वश्रेष्ठ तीन शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों को राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। अन्य तीन शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाता है तथा इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक से तीन-तीन शिक्षकों को ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाता है। 1- 5 कक्षा, 6- 8 कक्षा तथा 9 से 12वी कक्षा में पढ़ाने वाले शिक्षकों का चयन किया जाता है, शिक्षकों के चयन के लिए तीन श्रेणियां बनाई गई है।
सहायक निदेशक सुभाष चंद्र घोटिया ने बताया कि राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 21 हजार की नगद पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र, जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 11 हजार नगद पुरस्कार राशि व प्रमाण पत्र तथा ब्लॉक स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 5100 कि पुरस्कार राशि व प्रमाण पत्र लेकर सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तर और जिला स्तर पर यह हुए सम्मानित
जाजेवाल ने बताया कि राज्य स्तर पर कक्षा वर्ग 1-5 तक के लिए राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 2 एसएनएम की अध्यापिका उषा बब्बर, कक्षा वर्ग 6-8 तक के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय डाबड़ी, भादरा के वरिष्ठ अध्यापक राजकुमार, कक्षा वर्ग 9-12 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कमाना, पीलीबंगा कि वरिष्ठ शिक्षिका ममता चौधरी को सम्मानित किया गया।
जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों में कक्षा वर्ग 1-5 तक के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय 10 पीबीएनबी, पीलीबंगा के अध्यापक परमेंद्र सिंह, कक्षा वर्ग 6-8 तक के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डुंगराना, भादरा कि वरिष्ठ शिक्षिका सुमित्रा शर्मा, कक्षा वर्ग 9-12 के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रामपुरा ऊर्फ रामसरा के व्याख्याता पालाराम को सम्मानित किया गया।
ब्लॉक स्तर पर यह हुए सम्मानित
हनुमानगढ़ ब्लॉक स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों में कक्षा वर्ग 1 से 5 तक के लिए अध्यापिका विजयलक्ष्मी, कक्षा वर्ग 9 से 12 तक के लिए वरिष्ठ अध्यापक अमीलाल तथा कक्षा वर्ग 6 से 8 तक के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, डीईओ श्री हंसराज जाजेवाल, एपीआरओ राजपाल लंबोरिया, हनुमानगढ़ डाइट प्रधानाचार्य महेंद्र शर्मा, सीबीइओ सीमा भल्ला, एसीबीईओ सुनीता खुंगर, अध्यापक पालाराम, प्रधानाचार्य श्रीमती सुनीता, राधेश्याम चौधरी के साथ ही सम्मानित होने वाले शिक्षक उपस्थित रहें।
