जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में 28,319.87 हेक्टेयर बीमित क्षेत्रफल को मिली स्वीकृति।
RKTV NEWS/चतरा ( झारखंड)26 अक्टूबर।बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खरीफ 2026 के तहत चतरा जिले के 40,666 किसानों के 47,679 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। इन आवेदनों के तहत कुल 28,319.87 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र का बीमा स्वीकृत किया गया है। सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति (डीएलएमसी) की बैठक में आवेदनों एवं बीमित क्षेत्रफल की समीक्षा के बाद स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में बताया गया कि खरीफ मौसम में अगहनी धान एवं भदई मक्का फसलों का बीमा कराने के लिए जिले में कुल 42,172 किसानों के 50,245 आवेदन प्राप्त हुए थे। इन आवेदनों के तहत कुल 35,638.31 हेक्टेयर क्षेत्र बीमा के लिए दर्ज किया गया था।
बीमा कंपनी टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण 1,531 किसानों के 1,663 आवेदन अस्वीकृत किए गए। इन आवेदनों का कुल बीमित क्षेत्रफल 2,001.21 हेक्टेयर था। वहीं, टोकन मनी प्राप्त नहीं होने के कारण 890 किसानों के 903 आवेदन अस्वीकृत किए गए, जिनका कुल क्षेत्रफल 536.46 हेक्टेयर था।
बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, बीमित क्षेत्रफल तथा स्वीकृति एवं अस्वीकृति से संबंधित विवरणों की समीक्षा की गई। फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल क्षति की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, झारखंड राज्य सहकारी बैंक (जेएससीबी), चतरा के शाखा प्रबंधक, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), चतरा, डीडीएम नाबार्ड, चतरा, परियोजना प्रबंधक आत्मा, पैक्स प्रतिनिधि तथा बीमा कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

