RK TV News
खबरें
Breaking News

भोपाल:दिव्य नर्मदा अलंकरण समारोह में 30 रचनाकार सम्मानित।

भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद)23 अगस्त। अखिल भारतीय ख्यातिप्राप्त संस्था विश्ववाणी हिन्दी संस्थान अभियान, जबलपुर द्वारा वर्ष 2025-26 के अखिल भारतीय दिव्य नर्मदा अलंकरण समारोह का आयोजन भोपाल स्थित दुष्यंत कुमार पांडुलिपि संग्रहालय में किया गया। समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से आए 30 रचनाकारों को उनके श्रेष्ठ साहित्यिक एवं सृजनात्मक योगदान के लिए अलंकरण पत्र, पुस्तकें तथा कुल 60 हजार रुपये की सम्मान निधि से सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए आचार्य संजीव वर्मा ‘सलिल’ ने हिंदी भाषा की व्यापकता, उपयोगिता और प्रभाव में हो रही वृद्धि को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा और राजभाषा हिंदी की अनदेखी करने से सामाजिक और राष्ट्रीय स्तर पर नुकसान होता है। उन्होंने सभी विषयों की उच्च एवं तकनीकी शिक्षा हिंदी तथा प्रमुख भारतीय भाषाओं में उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
‘हिन्दी में उच्च तकनीकी शिक्षा : समस्याएँ, समाधान एवं संभावनाएँ’ विषय पर आयोजित विमर्श सत्र की अध्यक्षता शिवाजी विश्वविद्यालय, कोल्हापुर के सेवानिवृत्त विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अर्जुन चव्हाण ने की। उन्होंने तकनीकी शब्दावली निर्माण के अनुभव साझा करते हुए हिंदी को अत्यधिक संस्कृतनिष्ठ और जटिल बनाने के बजाय सहज, सरल और देशज शब्दावली से समृद्ध करने की अपील की। उन्होंने हिंदी के लिए एक समान और सुविधाजनक की-बोर्ड व्यवस्था की आवश्यकता भी बताई।
विमर्श में नरेंद्र दीपक, डॉ. संजय सक्सेना, डॉ. वीणा सिन्हा, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, इं. राग तेलंग और इं. सुरेंद्र सिंह पंवार सहित अनेक साहित्यकारों ने तकनीकी एवं उच्च शिक्षा का माध्यम हिंदी बनाने की मांग की। वक्ताओं ने दंत चिकित्सा, पशु चिकित्सा, लेखा और प्रबंधन जैसे विषयों की पढ़ाई भी हिंदी में शीघ्र शुरू किए जाने पर जोर दिया।
समारोह में आचार्य संजीव ‘सलिल’ की लघुकथा कृति, दो उड़िया अनुवाद, सरला वर्मा की संस्मरण कृति ‘ममता के गाँव’, राग तेलंग के काव्य संग्रह ‘सुपर मून @ 0761’ तथा सतीश श्रीवास्तव के व्यंग्य लेख संग्रह ‘भरा नहीं जो भाव से’ का विमोचन भी किया गया।
अलंकरण सत्र में डॉ. अर्जुन चव्हाण, कोल्हापुर को हिंदी भाषा, व्याकरण, साहित्य-सृजन और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जगदीश किंजल्क अलंकरण तथा 11 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।
लघुकथा के विकास में योगदान के लिए कांता राय, भोपाल; हिंदी काव्य में अभियांत्रिक बिंबों के प्रयोग के लिए इं. राग तेलंग, भोपाल; महाकुंभ प्रयाग में श्रेष्ठ रेल यातायात प्रबंधन एवं उत्कृष्ट लेखन के लिए बसंत शर्मा, जबलपुर तथा हास्य-व्यंग्य लेखन के लिए इं. राजेश अरोरा, लखनऊ को पांच-पांच हजार रुपये की सम्मान राशि से सम्मानित किया गया।
उपन्यास, बाल साहित्य, कहानी, व्यंग्य, समालोचना, गीत, यात्रा संस्मरण, जीवनी और काव्य सहित विभिन्न विधाओं में योगदान देने वाले अनेक रचनाकारों को 1,100 से 2,500 रुपये तक की सम्मान राशि, अलंकरण पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान किए गए। फराह नसीम कसरगोड़, अरविंद श्रीवास्तव दतिया, शालिनी श्रीवास्तव बेंगलुरु, कालीदास ताम्रकार जबलपुर, मंजू शर्मा जोधपुर तथा रागिनी प्रसाद मुंबई को सम्मान पत्र एवं पुस्तकों से अलंकृत किया गया।
प्रथम एवं द्वितीय सत्र का संचालन महिमा वर्मा ने, तृतीय विमर्श सत्र का संचालन वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल सोनी ने तथा चतुर्थ सत्र का संचालन नीति श्रीवास्तव ने किया। भोपाल इकाई की अध्यक्ष सरला वर्मा ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में संगीता भारद्वाज एवं जयंत भारद्वाज का व्यवस्थागत सहयोग रहा।
संस्थान पिछले पांच दशकों से हिंदी के कालजयी साहित्यकारों की स्मृति में अपने सदस्यों से सम्मान निधि एकत्र कर प्रतिवर्ष श्रेष्ठ साहित्यिक एवं रचनात्मक कार्य करने वाले रचनाकारों को सम्मानित करता आ रहा है।

Related posts

बागपत:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक हुई आयोजित।

rktvnews

भोजपुर:शाहपुर मे शांति समिति की बैठक आयोजित।

rktvnews

छेड़खानी के अभियुक्त व वारंटी समेत दो गये जेल।

rktvnews

झारखंड:DDU-GKY के प्लेस्ड अभ्यर्थियों के लिए JSLPS द्वारा बेंगलुरु में आयोजित हुआ एलुमनी मिलन समारोह।

rktvnews

वैशाली:मद्य निषेध के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए वैशाली के जिला पदाधिकारी सम्मानित।

rktvnews

मध्यप्रदेश:सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से सार्वजनिक प्याऊ किए जाएं प्रारंभ : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

rktvnews

Leave a Comment