पर्यावरण पखवाड़े के तहत 300 पूर्व छात्रों ने लिया पौधों की वर्षभर देखरेख का संकल्प।
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 10 अगस्त। पर्यावरण संरक्षण को लेकर विद्या भारती के पूर्व छात्रों ने अनूठी पहल करते हुए कलियासोत पहाड़ी पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व छात्रों की ओर से आयोजित ‘पर्यावरण पखवाड़े’ के अंतर्गत हुए इस अभियान में भोपाल में निवासरत करीब 300 पूर्व छात्रों ने सहभागिता की और विभिन्न प्रजातियों के 1100 पौधे रोपे।
अभियान की खास बात यह रही कि पूर्व छात्रों ने केवल पौधारोपण तक सीमित न रहते हुए उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित देखरेख करने का सामूहिक संकल्प लिया। पौधों की देखभाल के लिए पूर्व छात्रों को अलग-अलग समूहों में बांटा गया है, जो साप्ताहिक रूप से कलियासोत पहाड़ी पहुंचकर पौधों को पानी देने, निराई-गुड़ाई करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री निखलेश माहेश्वरी उपस्थित रहे। उन्होंने पूर्व छात्रों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा पूरी करने के वर्षों बाद भी पूर्व छात्रों का अपनी संस्था से जुड़े रहना और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरे विश्व की आवश्यकता है और पूर्व छात्रों का यह सामूहिक प्रयास समाज, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा।
‘शिशु मंदिर के संस्कार प्रकृति और समाज के प्रति जिम्मेदारी सिखाते हैं’
विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, मध्यभारत प्रांत के प्रांत संयोजक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि विद्या भारती के संस्कार विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराते हैं। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखकर बड़े वृक्ष बनाने की जिम्मेदारी भी पूर्व छात्रों ने स्वीकार की है।
उन्होंने बताया कि पर्यावरण पखवाड़े के माध्यम से पूरे प्रांत में पूर्व छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है। कलियासोत पहाड़ी पर शुरू किया गया यह अभियान पौधों की नियमित देखरेख के साथ निरंतर जारी रहेगा।

