
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)27 जुलाई। शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के जुबली हॉल में रविवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन लेफ्टिनेंट जनरल एस.के. सिंह, 5 बिहार बटालियन एनसीसी भोजपुर के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पुनीत श्रीवास्तव, पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड भोजपुर के अध्यक्ष कर्नल राणा प्रताप सिंह, विद्यालय के निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र किरण एवं प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन शैक्षणिक प्रभारी अरविन्द ओझा ने किया। अतिथियों ने कारगिल शहीद स्मारक की प्रतिकृति पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर जवानों को श्रद्धांजलि दी। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं देशभक्ति समूहगान प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
उद्घाटनकर्ता लेफ्टिनेंट जनरल एस.के. सिंह ने कहा कि संभावना विद्यालय से उनका विशेष लगाव है और विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में विद्यालय की भूमिका अनुकरणीय है। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि कर्नल पुनीत श्रीवास्तव ने कहा कि कारगिल विजय के 27 वर्ष पूरे होने पर शहीदों, उनकी वीरांगनाओं और माताओं के त्याग को याद करना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा।समारोह की अध्यक्षता करते हुए कर्नल राणा प्रताप सिंह ने कहा कि संभावना विद्यालय द्वारा प्रत्येक वर्ष आयोजित यह सम्मान समारोह पूर्व सैनिकों का मनोबल बढ़ाने का सराहनीय प्रयास है।प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि भारत वीरों का सम्मान करने वाली भूमि है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार पिछले दस वर्षों से कारगिल विजय दिवस पर यह आयोजन करता आ रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा जारी रहेगी। निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र किरण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं का सम्मान करना विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है।समारोह में मेजर राकेश कुमार, प्रशांत कुमार, एएनओ प्रवीण कुमार, शंभू चौरसिया, उप प्राचार्य ऋषिकेश ओझा, राजेश रमन, विष्णु शंकर, संजीव सिन्हा, जयशंकर, अंकित मिश्र, सीटीओ शिलू, कन्हैया सिंह सहित एनसीसी के सभी कैडेट एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
