मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी पहल को मिला प्रभावी क्रियान्वयन।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड )06 जुलाई।जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा जिले के 2,23,001 लाभुकों के बैंक खातों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अप्रैल, मई एवं जून माह की सम्मान राशि सफलतापूर्वक हस्तांतरित कर दी गई है। इससे जिले की बड़ी संख्या में पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त हुआ है।
इस संबंध में सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से बताया गया कि सभी स्वीकृत लाभुकों के बैंक खातों में योजना की राशि अंतरित कर दी गई है। लाभुकों से अपने बैंक खाते की जांच करने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा बैंकिंग संबंधी समस्या होने पर संबंधित प्रखंड कार्यालय या सम्बंधित बैंक से संपर्क करने की अपील की गई है।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। योजना के तहत निर्धारित समय-सीमा में सम्मान राशि का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग निरंतर कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत यह राशि उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देशन में सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा सफलतापूर्वक हस्तांतरित की गई।
जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। योजना से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए संबंधित प्रखंड कार्यालय अथवा सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क किया जा सकता है।

