
आरा/ भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)24 जून।मोहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार, आरा में जिलाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि मोहर्रम पर्व 26 जून 2026 को मनाए जाने की संभावना है। पर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक रस्मों के साथ ताजिया एवं झंडा जुलूस निकाले जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा तनाव उत्पन्न करने की कोशिश करने वाले असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के दौरान असामाजिक, सांप्रदायिक, कट्टरपंथी तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर सतत पुलिस गश्ती, जुलूसों की अनिवार्य वीडियोग्राफी, डी.जे. एवं लाउडस्पीकर के संबंध में सरकारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन तथा जुलूसों के आगे-पीछे पर्याप्त सुरक्षा बल एवं एस्कॉर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।
विधि-व्यवस्था के प्रभावी संधारण हेतु जिले में कुल 196 दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। जुलूस मार्गों की साफ-सफाई एवं आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायतों को दिए गए हैं। वहीं विद्युत आपूर्ति से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कनीय अभियंता (विद्युत) को जुलूस मार्गों पर विद्युत तारों की जांच एवं मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है।
पर्व के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अनुमंडलीय अस्पतालों, रेफरल अस्पतालों एवं सदर अस्पताल, आरा में जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों तथा एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि मोहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06182-248702 है, जिस पर आमजन किसी भी सूचना अथवा आवश्यकता की जानकारी दे सकते हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त भोजपुर,अपर समाहर्ता भोजपुर,सहायक समाहर्ता भोजपुर , उप विकास आयुक्त , सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
