
RKTV NEWS/जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम)06 जून।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में नामांकन, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) की शिक्षा, विद्यालय सत्यापन, ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान एवं पुनः नामांकन, यू-डायस डाटा अद्यतन सहित विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (CWSN) के चिन्हांकन एवं उनके शत-प्रतिशत नामांकन को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15-24 जून तक संचालित इस अभियान के तहत छूटे हुए दिव्यांग बच्चों का नामांकन कराएं।
उपायुक्त ने सभी कस्तूरबा विद्यालयों में माह में दो बार औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, छात्र उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के क्रम में यू-डायस (UDISE) डाटा एवं अन्य शैक्षणिक सूचनाओं के अद्यतन की स्थिति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी आंकड़ों को समय पर अद्यतन करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु डाटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्राप्त पाठ्यपुस्तकों का वितरण ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलते ही वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। स्कूली बच्चों का आधार, बैंक खाता एवं जन्म प्रमाण पत्र बनाने हेतु कैम्प मोड में कार्य करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विद्यालयों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित करने की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि 05 जून से 30 सितम्बर तक संचालित होने वाले इस अभियान में विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाए। सभी प्राथमिक विद्यालयों में 50, माध्यमिक में 75 तथा उच्च विद्यालयों में 100 पौधा लगाने का लक्ष्य दिया गया।
बैठक में डीडीसी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीईईओ, बीपीओ तथा शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी उपस्थित थे।
