
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 10 सितम्बर। बाढ़ की विभिषिका के बीच एक गर्भवती महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। घटना शाहपुर की है। भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर गाँव के रविकांत पासवान की गर्भवती पत्नी चंदा देवी ने प्रसव के लिए शाहपुर जाने के दौरान नाव पर ही एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चा और जच्चा दोनों स्वस्थ बताये जाते हैं। रविकांत पासवान को पुत्र रत्न की प्राप्ति होने से खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बाढ़ की विभीषिका के दौरान रविकांत पासवान की पत्नी चंदा देवी को प्रसव पीड़ा होने लगी। गर्भवती महिला चंदा देवी को प्रसव कराने के लिए नाव से शाहपुर लाया जा रहा था। नाव अभी मझधार मे ही थी कि प्रसव पीड़ा बढ गई।

नाविक ने तेजी से नाव को गंतव्य स्थान के लिए बढाया। लेकिन रास्ते मे नाव पर ही गर्भवती महिला चंदा देवी ने बेटे को जन्म दिया। नाव पर मौजूद रविकांत पासवान, महिलाओं सहित परिजनों ने सुरक्षित प्रसव कराने मे सहायता की। बच्चे के जन्म के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस खुशी के माहौल मे मिठाई बांटी गई जबकि नाविकों ने नेग की मांग की। रविकांत पासवान दामोदरपुर के वार्ड संख्या 8 के निवासी बताये जाते हैं। बाढ़ की विभिषिका मे जहाँ एक तरफ लोग बांध पर शरण लिए हुए हैं वहीं दूसरी तरफ बच्चा होने की खुशी लोगों मे देखी जा रही है। घर मे आये नये मेहमान की खुशी मे नवजात के बाबा कामेश्वर पासवान ने कहा कि मझधार मे हुए बच्चे का नाम “मांझी” रखा जायेगा। मझधार मे मांझी का जन्म चर्चा का विषय बना हुआ है।
