माय भारत से हुआ राज्य युवा संसद में चयन, गांव के युवा पहली बार विधानसभा का करेंगे भ्रमण।
राष्ट्र निर्माण का संकल्प दोहराएंगे युवा, 75 जनपदों से आए युवाओं के बीच होगी स्पर्धा।
राज्य युवा संसद हेतु अमन कुमार बने यूथ आइकॉन, प्रदेशभर के युवाओं को करेंगे प्रेरित।
विधानसभा में गूंजेगी वाक्यप्रस्थ की युवा शक्ति, नीति निर्माण एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ होगी विकसित।
RKTV NEWS/बागपत (उत्तर प्रदेश)28 अप्रैल। कल्पना कीजिए… गांव की गलियों से निकलकर युवा अब सीधे विधानसभा के गलियारों तक पहुंच रहे हैं। जहां कभी सिर्फ जनप्रतिनिधियों की आवाज गूंजती थी, वहां युवाओं के सपने, उनके सवाल और उनके सुझाव सुनाई दे। अब विकसित भारत 2047 का संकल्प युवाओं के हाथों आकार लेता दिखाई देगा।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार माय भारत उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन 01 से 03 मई 2026 तक यूपी विधानसभा लखनऊ में किया जाएगा जिसमें प्रदेशभर के 75 जनपदों से चयनित युवा शामिल होंगे। इसमें जनपद बागपत से चयनित पांच प्रतिभागी एवं एक विशेष आमंत्रित यूथ आइकॉन शामिल होकर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
बागपत के जिन युवाओं ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, अब वही राज्य स्तर पर अपनी सोच का परचम लहराने जा रहे हैं। माय भारत द्वारा जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया था जिसमें विजेता रहे ईनाम उल हसन, सुषमा त्यागी, सपना राणा, शिवम दांगी और सपना को अब राज्य स्तर पर लखनऊ विधानसभा में भाषण देने का मौका मिला है।
इस बार राज्य युवा संसद में बागपत का नाम एक और वजह से चर्चा में है। राज्य युवा संसद में यूथ आइकॉन के रूप में यूपी सरकार से सम्मानित स्टेट यूथ अवॉर्डी अमन कुमार को विशेष आमंत्रण मिला है जो प्रदेशभर के युवाओं को विकसित भारत के विजन से जुड़ने के लिए प्रेरित एवं समाज कार्य से जुड़े अपने अनुभव साझा करेंगे और बताएंगे कि कैसे एक सामान्य युवा भी समाज में बदलाव की बड़ी भूमिका निभा सकता है। बागपत के लिए यह और भी गर्व का क्षण है।
राज्य युवा संसद हेतु निर्धारित विषय “केंद्रीय बजट 2026: विकसित भारत 2047 की ओर भारतीय युवाओं के मार्ग को सुदृढ़ बनाना” पर अपने विचार रखेंगे। चर्चा इस बात की होगी कि बजट युवाओं के भविष्य को कैसे दिशा देता है—चाहे वह रोजगार हो, शिक्षा हो या स्टार्टअप का सपना। विधानसभा में भाषण देने का यह अवसर युवाओं को माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिला जो भारत सरकार द्वारा देशभर के युवाओं के लिए संचालित एक विशेष पहल है जो युवाओं को विकसित भारत विजन 2047 से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस युवा संसद की एक खास झलक यह भी होगी कि सभी प्रतिभागी अपनी पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर नजर आएंगे। यह दृश्य अपने आप में भारत की विविधता और एकता का प्रतीक होगा। एक ओर जहां पहनावे में परंपरा दिखाई देगी, वहीं विचारों में आधुनिकता और भविष्य की सोच झलकेगी। वहीं चयनित युवाओं ने माय भारत का आभार व्यक्त किया जिसके माध्यम से युवाओं को यह सुनहरा अवसर मिला है।
युवाओं को विधानसभा का भ्रमण कर राज्य के विकास एवं संचालन में विधायिका की भूमिका को करीब से समझने का भी अवसर मिलेगा इसके लिए युवाओं में बेहद उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं का कहना है कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे विधानसभा में बोलेंगे। जिन युवाओं ने अब तक किताबों में लोकतंत्र पढ़ा था, वे अब उसे करीब से देखेंगे और समझेंगे कि फैसले कैसे बनते हैं। वहीं इस पड़ाव के बाद राज्य स्तर से चयनित विजेता युवाओं को देश की संसद में उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधित्व का मौका मिलेगा।


