
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)09 अगस्त।जिला पदाधिकारी, भोजपुर तनय सुल्तानिया ने शुक्रवार को कोषागार कार्यालय, भोजपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न संचिकाओं एवं अभिलेखों का अवलोकन किया तथा उपस्थिति पंजी सहित अन्य पंजियों की जांच कर अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने उनके सुचारू संचालन तथा अभिलेखों के बेहतर संधारण को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विभिन्न आयोजनों एवं परीक्षाओं के दौरान आवश्यकता के अनुसार निर्मित किए जाने वाले वज्रगृह (स्ट्रांग रूम) का निर्माण निर्धारित मानकों एवं मानक आकार के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कोषागार में वर्तमान में स्थित वज्रगृह के अतिरिक्त कोषागार भवन के समीप उपलब्ध रिक्त भूखंड पर एक और वज्रगृह के निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने का निर्देश दिया।इस दौरान वरीय कोषागार पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक जिला लेखा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
