मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को पारदर्शिता और शुद्धता के साथ पूरा करने पर जोर।
RKTV NEWS/गढ़वा(झारखंड)25 मार्च।24 मार्च 2026 को जिला परिषद सभागार में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी रंका रुद्र प्रताप द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न प्रखंडों से आए अधिकारी, पर्यवेक्षक, प्रगणक एवं संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना-2027 के प्रथम चरण की प्रक्रिया, दिशा-निर्देशों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था, ताकि मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शिता, सटीकता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जा सके।
अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना किसी भी देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीतियों का आधार बनते हैं। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्य को पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं त्रुटिहीन तरीके से संपन्न करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की शंका होने पर राष्ट्रीय प्रशिक्षकों से तत्काल समाधान प्राप्त करें, ताकि क्षेत्रीय कार्य के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय प्रशिक्षक-सह-संयुक्त निदेशक ज्ञानचंद्र महतो एवं जिला समन्वयक अशोक कुमार द्वारा किया गया।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना-2027 से संबंधित सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें जनगणना का परिचय, नियुक्ति प्रक्रिया, वित्तीय प्रावधान, कानूनी पहलू, व्यापक प्रचार-प्रसार, 34 कॉलम एवं 33 प्रश्नों के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, HLO मोबाइल ऐप एवं CMMS पोर्टल के उपयोग की जानकारी शामिल रही।
प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को तकनीकी एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार से प्रशिक्षित किया गया। मोबाइल आधारित डेटा संग्रहण, प्रपत्रों का उपयोग, सर्वेक्षण पद्धति एवं रिपोर्टिंग प्रणाली को विस्तार से समझाया गया। साथ ही CMMS पोर्टल के माध्यम से जनगणना कार्य की निगरानी एवं नियंत्रण प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला गया। स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा के अंतर्गत आम नागरिकों द्वारा पोर्टल के माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया भी विस्तार से बताई गई।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न की जाएगी, जिसमें टैबलेट एवं मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए डेटा संग्रहण किया जाएगा। इससे सूचनाओं का संकलन अधिक तेज, सटीक एवं पारदर्शी तरीके से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को यह भी अवगत कराया गया कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) जनगणना का प्रथम एवं अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक घर, भवन एवं उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत विवरण संकलित किया जाएगा। इस कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने हेतु प्रशिक्षण के माध्यम से सभी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अंत में सभी प्रतिभागियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर प्राप्त प्रशिक्षण के आधार पर जनगणना कार्य को ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ संपन्न करेंगे, ताकि सरकार को सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें और विकास योजनाओं के निर्माण में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।


