चेन्नई में आयोजित 39वें राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा उत्सव में लहराया परचम।
खैरागढ़/छत्तीसगढ़ (रवींद्र पांडेय) 19 मार्च। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने 39वें राष्ट्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा उत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित आयोजन अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ द्वारा सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी चेन्नई में आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. डॉ. लवली शर्मा के संरक्षण एवं छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. देवमाईत मिंज के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रतिभागिता कर विभिन्न विधाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
इस दौरान विद्यार्थियों ने समूह गान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। समूह गान में प्रथा रामटेके, मोनिका निराला, प्रिया कुमारी, शगुन पाठक, प्रियांशु पांडेय और निखिल आनंद शामिल थे। इसी तरह सुगम संगीत में शगुन पाठक तथा शास्त्रीय नृत्य में साराक्षी सक्सेना ने द्वितीय स्थान हासिल किया है। शास्त्रीय वाद्य वादन (वायलिन) में धात्री संत एवं कोलाज कला में गुलशन साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शास्त्रीय गायन में प्रिया कुमारी तथा स्पॉट पेंटिंग में कानन खंडेलवाल ने पंचम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में वृद्धि की।
इस युवा उत्सव में विश्वविद्यालय की ओर से वाद्य संगत में रामचन्द्र सर्पे, शफीक हुसैन, दीपक दास मंहत, रोशन कुमार, मौलश्री सिंह, फिजाम महेन्द्र सिंह, आर्यन मल्होत्रा तथा बी. शरत ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। दल का नेतृत्व सहायक प्राध्यापक कपिल सिंह वर्मा (दृश्यकला संकाय) एवं अतिथि व्याख्याता डॉ. गुंजन तिवारी (नृत्य संकाय) ने किया।
कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने विद्यार्थियों को दी बधाई
प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय लौटे विद्यार्थियों ने कुलपति डॉ. लवली शर्मा से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कुलपति डॉ. शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा उन्हें निरंतर अभ्यास करते हुए और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. देवमाईत मिंज सहित संगतकार एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


