
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)13 मार्च।आज राज्य महिला आयोग, लखनऊ की सदस्या मीनाक्षी भराला द्वारा विकास भवन सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाए।
बैठक के उपरांत महिला जनसुनवाई भी की गई, जिसमें कुल 12 प्रकरणों की सुनवाई की गई। इनमें घरेलू हिंसा, भूमि विवाद तथा दुष्कर्म से संबंधित मामले शामिल थे। मा० सदस्या ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके पश्चात सदस्या द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बावली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह विद्यालयों में बालिकाओं के एनीमिया की जांच कराई जाए। साथ ही दवाइयों की एक्सपायरी तिथि की जांच की गई तथा निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की एक्सपायर्ड दवा का उपयोग न किया जाए। गर्भवती महिलाओं की सभी आवश्यक जांच समय पर सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य द्वार के पास गंदा पानी भरा होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत सदस्या ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बड़ौत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई तथा समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर, विभिन्न सरकारी योजनाओं तथा गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बालिकाओं को उपलब्ध कराए गए सामान की गुणवत्ता की जांच की गई, जो संतोषजनक पाई गई।
सदस्या ने निर्देश दिए कि छात्रावास में फोम के गद्दे उपलब्ध कराए जाएं। रसोईघर का निरीक्षण करने पर भोजन सूची के अनुसार बालिकाओं को भोजन दिया जाना पाया गया। विद्यालय की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर उन्होंने वहां कार्यरत कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डॉ. रोबिन, क्षेत्राधिकारी बागपत, महिला थानाध्यक्ष, , जिला मिशन कोऑर्डिनेटर, केंद्र प्रशासक, पैरामेडिकल स्टाफ सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
